अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत की स्वतंत्र जांच कराने की मांग करने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खरिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा है कि अब श्रीदेवी की मौत की फिर से जांच नहीं होगी क्योंकि उनके पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निधन का कारण साफ लिखा हुआ है।
बता दें कि याचिका 'गेम ऑफ अयोध्या' फेम फिल्ममेकर सुनील सिंह ने दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि जिन परिस्थितियों में श्रीदेवी की मौत हुई है, उसकी जांच होनी चाहिए। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट भी इस याचिका को खारिज कर चुका है।
फिल्ममेकर सुनील सिंह ने दावा किया था कि, वो उस वक्त वहीं दुबई में थे जब श्रीदेवी की मौत हुई थी। वहां होटल के कर्मचारियों और स्टाफ के लोगों ने जो उन्हें बताया वो मीडिया को दिए गए परिवार के बयानों और दूसरे लोगों को बताए गए घटनाक्रमों से काफी अलग है।
श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ एक पारिवारिक विवाह समारोह में हिस्सा लेने दुबई गई थीं। जहां उनकी मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई थी।