'गदर 2' के बाद सनी देओल के सितारे बुलंदियों पर हैं। इस फिल्म के बाद अभिनेता कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इस बीच उनकी एक कल्ट क्लासिक फिल्म बॉडर के सीक्वल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 'बॉर्डर 2' में सनी देओल अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ अभिनय करेंगे। फिल्म की रिलीज डेट सामने आ गई है। आइए जानते हैं कि सनी देओल अपने फैंस को कब तोहफा देने वाले हैं।
इस दिन से शुरू होगी बॉर्डर 2 की शूटिंग
जानकारी के मुताबिक भूषण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता निर्मित तथा जे पी दत्ता निर्देशित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ इस साल अक्तूबर में फ्लोर पर जाएगी। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एक करीबी सूत्र ने खुलासा किया है, "बॉर्डर 2 के पीछे की टीम हर चीज की तैयारी के लिए काफी प्रयास कर रही है और इसे बनाने में काफी समय लग गया है। अब फिल्म को बनाने की सारी तैयारी पूरी हो चुकी है और टीम 2 अक्तूबर से फिल्म की शूटिंग शुरू कर देगी।
फ्लॉप फिल्मों के कारण मेकर्स ने नहीं दिखाई थी दिलचस्पी
पिछले दिनों एक साक्षात्कार में सनी देओल ने कहा था, इस सीक्वल के बारे में शुरुआत में 2015 में सोचा गया था। जब मैंने पूछा गया कि क्या इसे अभी क्यों बनाया जा रहा है, लेकिन तब मेरी फिल्में फ्लॉप हो गईं, इसलिए लोग इसे बनाने से डर रहे थे। अब, हर कोई इसे बनाना चाहता है। गौरतलब है कि फिल्म की सीक्वल में एक बार फिर सनी देओल देशभक्ति के जज्बे को स्क्रीन पर दिखाएंगे और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इस किरदार में नजर आएंगे आयुष्मान खुराना
खबरों की मानें तो आयुष्मान फिल्म में भारतीय सशस्त्र बल के जवान के किरदार में होंगे। बताया जा रहा है कि मेकर्स इस फिल्म को गणतंत्र दिवस के आसपास रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के निर्माता इसे 23 जनवरी, 2026 को रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं।