हमारे शहर का अपमान क्यों?
मनसे के नेता अमेय खोपकर ने कपिल शर्मा को चेतावनी दी है। पार्टी की फिल्म शाखा के प्रमुख अमेय खोपकर ने कहा, 'इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में हम लंबे समय से और इस नए सीजन के शुरू होने से पहले भी देखते आ रहे हैं कि इस शहर को हमेशा बॉम्बे या बंबई कहा जाता है। हम इसका विरोध करते हैं। यह कोई आपत्ति नहीं, बल्कि गुस्सा है। इस शहर का नाम मुंबई है। अगर आप चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे दूसरे शहरों को उनके असली नामों से बुला सकते हैं, तो हमारे शहर का अपमान क्यों कर रहे हैं'?
'मैं कपिल शर्मा को चेतावनी दे रहा हूं'
उन्होंने आगे कहा, 'आप (कपिल शर्मा) इतने वर्षों से मुंबई में काम कर रहे हैं। मुंबई आपकी कर्मभूमि रही है। मुंबई के लोग आपको पसंद करते हैं और आपके शो देखते हैं। मुंबई हमारे दिलों में है। इस शहर का अपमान मत करो। मुंबई के लोगों का अपमान मत करो। मैं कपिल शर्मा को चेतावनी दे रहा हूं'। मनसे के नेता अमेय खोपकर ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए यह बात करी। इसके अलावा उन्होंने इस संबंध में एक सोशल मीडिया पोस्ट भी शेयर किया है। मनसे की यह चेतावनी शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन की चर्चा के बीच मुंबई में अपने चचेरे भाई और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के घर जाने के एक दिन बाद आई है।
कहा- 'कपिल शर्मा गलती सुधार लें'
यह पूछे जाने पर कि क्या मनसे आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर यह मुद्दा उठा रही है? खोपकर ने कहा, 'हम पिछले कई वर्षों से इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। चुनावों को एक तरफ रख दीजिए, इस शहर का नाम मुंबई है। आपको मुंबई कहना ही होगा और जो लोग इसे मुंबई नहीं कहेंगे, उन्हें हमारे गुस्से का सामना करना पड़ेगा'। खोपकर ने चेतावनी देते हुए कहा, 'मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि अगर यह गलती से हुआ है, तो गलती सुधार लें। आपके शो में जो भी आए, चाहे वह सेलिब्रिटी हों या एंकर, उन्हें पहले बताएं कि वे मुंबई को बॉम्बे या बंबई न कहें। उन्हें मुंबई ही कहना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मनसे एक जोरदार आंदोलन शुरू करेगी'।
30 साल पहले बदल गया था नाम
अमेय खोपकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर किया है। इसमें लिखा है, 'बॉम्बे का आधिकारिक नाम बदलकर मुंबई किए जाने के 30 साल बाद भी, बॉम्बे शब्द का जिक्र बॉलीवुड के कपिल शर्मा के शो में होस्ट, सितारे और एंकर तक करते हैं। 1995 में महाराष्ट्र सरकार और 1996 में केंद्र सरकार की आधिकारिक मंजूरी के बाद भी ऐसा हो रहा है। चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता से भी पहले बॉम्बे का नाम बदलकर मुंबई रखा गया। हम आपको मुंबई नाम का सम्मान रखने की अपील और चेतावनी दे रहें हैं'। बता दें कि कपिल शर्मा वर्तमान में 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' होस्ट करते हैं, जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होता है।