'काय पो चे' फेम निर्देशक अभिषेक कपूर अपनी अगली फिल्म 'फितूर; की शूटिंग की तैयारियों में जुट गए हैं। इस फिल्म में उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत और कैटरीना कैफ की जोड़ी बनाई है।
'फितूर' विश्व प्रसिद्ध लेखक चार्ल्स डिकेंस की चर्चित कृति ग्रेट एक्सपेक्टेशंस पर आधारित होगी। अपनी इस फिल्म के लिए अभिषेक कपूर को मनमाफिक हीरो और हीरोइन तो मिल गए हैं, लेकिन वे एक ग्रे शेड किरदार के लिए सही अदाकारा की तलाश में हैं।
यूं श्रीदेवी के रूप में उनकी तलाश पूरी हो चुकी है, लेकिन इस फिल्म में काम करने के लिए हवा हवाई हीरोइन ने अभी तक हरी झंडी नहीं दिखाई है। मिली जानकारी के मुताबिक श्रीदेवी की समझ में नहीं आ रहा है कि वे ग्रे शेड वाली भूमिका निभाएं या नहीं?
दरअसल वे अपने अभिनय की दूसरी पारी की पहली फिल्म 'इंग्लिस विंग्लिस' से बनी एक समझदार और सौम्य महिला की छवि के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहती हैं।
इधर अभिषेक कपूर का कहना है कि उनकी फिल्म में ग्रे शेड वाले किरदार के लिए उन्हें श्रीदेवी ही सबसे उपयुक्त नजर आती हैं। अब श्रीदेवी के लिए इस बारे में कोई भी फैंसला लेना काफी कठिन हो गया है।