74 वर्षीय गायक एसपी बालासुब्रमण्यम कोरोना संक्रमित होने के बाद चेन्नई के 'एमजीएम हेल्थकेयर' में भर्ती हो गए थे। वहीं कुछ दिनों पहले तक उनकी तबीयत काफी खराब थी लेकिन बाद में उनके स्वास्थ में कुछ सुधार आ गया था। लेकिन अब खबर आ रही है कि एक बार फिर से बालासुब्रमण्यम की तबीयत खराब हुई है और वो अस्पताल में मैक्सिमल लाइफ सपोर्ट पर हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधावर रात को बाला सुब्रमण्यम की तबीयत बिगड़ी और अभी तक तबीयत काफी चिंताजनक बनी हुई है। सुब्रमण्यम को सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही हैं। सुब्रमण्यम का स्वास्थ्य बिगड़ जाने से उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर इलाज किया जा रहा है। वर्तमान में वेंटिलेटर पर मौजूद बालसुब्रमण्यम के स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की एक टीम नजर रख रही है। एसपी बालासुब्रमण्यम की सेहत को लेकर अस्पताल ने स्टेटमेंट जारी किया है, जिसके मुताबिक 'उनकी सेहत पिछले 24 घंटों में काफी खराब हुई है। वो लाइफ सपोर्ट पर क्रिटिकल हालत में हैं। MGM हेल्थकेयर में एक्सपर्ट की टीम उनकी हेल्थ कंडीशन को बारीकी से मॉनीटर कर रही है'।
याद दिला दें कि एसपी बालासुब्रमण्यम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज साझा करके अपने कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि की थी। पांच अगस्त को जारी किए संदेश में उन्होंने बताया था कि उनमें कोरोना के हल्के-फुल्के लक्षण पाए गए हैं। बालासुब्रमण्यम ने बताया कि उन्हें हल्का हल्का बुखार और जुकाम हो रहा था जिसकी वजह से उन्होंने कोरोना वायरस का परीक्षण करवाया और अस्पताल में भर्ती हो गए। इसके बाद सितंबर के पहले हफ्ते में ही बालासुब्रमण्यम के बेटे ने अपने पिता का हेल्थ अपडेट जारी करते हुए बताया था कि उनकी COVID- 19 रिपोर्ट निगेटिव आई है।
गौरतलब है कि हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और तमाम दूसरी भाषाओं में सैकड़ों हिट गाने गा चुके बालासुब्रमण्यम की सेहत के लिए उनके प्रशंसक लगातार प्रार्थनाएं कर रहे हैं। एसपी बालासुब्रमण्यम का नाम सबसे ज्यादा फिल्मी गानों में आवाज देने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। उन्हें पद्म श्री (2001) और पद्म भूषण (2011) से भी नवाजा जा चुका।