बंगाली फिल्मों के अभिनेता सौमित्र चटर्जी बीती छह अक्तूबर को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उन्हें कोलकाता के ही एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सौमित्र की हालत नाजुक बनी हुई है। ऐसे में हाल ही में सोशल मीडिया पर सौमित्र की अस्पताल से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। जिससे उनकी बेटी पॉलोमी खासी नाराज हैं। पॉलोमी ने लोगों से अपील की है कि वो अभिनेता को प्राइवेसी और रिस्पेक्ट दें जो वो डिजर्व करते हैं।
पॉलोमी ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के जरिए एक पोस्ट साझा कर इस बात की जानकारी दी है। पॉलोमी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मेरे कोविड पीड़ित पिता सौमित्र चटर्जी के स्वास्थ्य को लेकर इस समय भारी चिंता है, ऐसे में ICU से उनकी अनाधिकृत तस्वीर सामने आने पर और उनका हेल्थ बुलेटिन सोशल मीडिया पर वायरल होने से हम सभी बेहद दुखी और हतोत्साहित हैं। कृपया उन्हें प्राइवेसी और सम्मान दीजिए जिसके वो हकदार हैं।'
आगे पॉलोमी लिखती हैं, 'कृपया ऐसी तस्वीरें और सूचनाओं को साझा ना करें और अफवाह पैलाने वालों पर ध्यान ना दें। यह मेरे पूरे परिवार की तरफ से तत्काल अपील है। आपकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं का हमेशा स्वागत हैं। धन्यवाद'। बात करें सौमित्र के स्वास्थ्य की तो उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। कॉलकाता के मिंटो पार्क स्थित बेलव्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि सौमित्र चटर्जी की गिनती बंगाल के सबसे बड़े अभिनेताओं में होती है। उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्मकार सत्यजीत रे के साथ 14 फिल्में की हैं। सौमित्र चटर्जी ने 1955 में सत्यजीत रे की फिल्म 'अपूर संसार' से ही फिल्मों में कदम रखा था। सौमित्र चटर्जी को फिल्मों में उनके अमूल्य योगदान के लिए 2012 में दादा साहेब फालके पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
पढ़ें: राधे मां फिर आईं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के निशाने पर, रियलिटी शो में जाने पर लिया ये बड़ा फैसला