सूरज बड़जात्या का नया सीरियल 'मनपसंद की शादी'
- फोटो : अमर उजाला, इंस्टाग्राम@colorstv
अपने नए शो ‘मनपसंद की शादी’ पर चर्चा करते हुए सूरज बड़जात्या कहते हैं, ‘काफी वक्त से मेरे दिमाग में एक सोच थी। एक ऐसी कहानी बनाना चाहता था, जिसमें आज के दौर बच्चों और शादी को लेकर उनका नजरिया पेश किया जाए। चैनल वाले मेरे पास एक साल की रिसर्च लेकर आए थे, जिसमें छोटे शहरों के लड़के-लड़कियों से पूछा गया था कि वे कैसी शादी चाहते हैं? वहीं से ‘मनपसंद की शादी’ का कॉन्सेप्ट बना।’ बड़जात्या ने आगे बताया, ‘आज के बच्चे कहते हैं- हम अपने लिए साथी खुद चुनेंगे, लेकिन भागकर शादी नहीं करना चाहते। लिस्ट बनाएंगे, परखेंगे, फिर पेरेंट्स से मिलवाएंगे और जिम्मेदारी भी निभाएंगे। यही सोच इस शो की नींव है।’
‘राखी आज भी मनती है, शादियों की अहमियत कायम है’
बड़जात्या मानते हैं कि समय के साथ परिवार का ढांचा बदला है, लेकिन उसकी अहमियत नहीं। उन्होंने कहा, ‘आज अगर मैं सोचूं कि 15-20 लोग एक ही घर में रहते हैं तो शायद कई लोगों के लिए यह बड़ी बात होगी। आज परिवार भले ही छोटे हो गए हैं, पर उनकी अपनी अहमियत है। राखी आज भी मनाई जाती है। शादियों की भी अपनी अहमियत होती है। बदला कुछ नहीं है।’
टीआरपी के लिए दिखावा नहीं, अच्छा कंटेंट चाहिए
टीवी पर टीआरपी को लेकर होने वाले दबाव के बारे में सूरज ने कहा, ‘टीआरपी का दबाव आपके काम का हिस्सा है, पर सिर्फ टीआरपी बढ़ाने के लिए नकली ड्रामा करना, लंबे समय तक नहीं चलता। कहानी अच्छे से पेश की जाए तो वह अपनी टीआरपी खुद लाती है।’
सूरज बड़जात्या और सलमान खान
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
सलमान की फैमिली फिल्म में वक्त लगेगा
यह पूछे जाने पर कि क्या सलमान खान के साथ फिर काम करेंगे? सूरज बड़जात्या ने कहा, ‘हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि सलमान हमारी आने वाली फिल्म का हिस्सा बनें। कहानी पर भी काम चल रहा है। हालांकि, सच्चाई ये भी है कि सलमान भाई के लिए एक्शन करना आसान है, लेकिन अगर उनको फैमिली फिल्म में लाना है तो उनकी उम्र और इमेज के हिसाब से कहानी होना जरूरी है। हम चाहते हैं कि जब ‘प्रेम’ लौटे तो वो सही मायनों में ऑडियंस के दिल तक पहुंचे इसलिए कहानी पर बारीकी से काम हो रहा है और इसमें थोड़ा वक्त लग रहा है।’
सूरज बड़जात्या, आयुष्मान खुराना
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
आयुष्मान खुराना के साथ नई ‘प्रेम’ कहानी
वहीं, जब आयुष्मान खुराना के साथ बन रही अगली फिल्म पर सवाल किया गया तो सूरज बड़जात्या ने कहा, ‘यह एक रोमांटिक कॉमेडी है। इसमें आयुष्मान ‘प्रेम’ का किरदार निभाएंगे। दिसंबर में शरवरी वाघ शूटिंग से जुड़ेंगी और अनुपम खेर भी कास्ट का हिस्सा होंगे। इसकी शूटिंग इस नवंबर में शुरू कर रहा हूं। आयुष्मान बहुत अच्छे और जमीन से जुड़े इंसान हैं। हालांकि, अभी इस फिल्म पर बात करना जल्दबाजी होगी। फिलहाल, फैंस को थोड़ा इंतजार करना होगा, लेकिन यकीन मानिए घोषणा जल्द होने वाली है।’