फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' जल्द सिनमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्माण सूरज बड़जात्या के बैनर तले हो रहा है। वहीं फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है। फिल्म के शीर्षक के बारे में सूरज ने बात करते हुए संगीतकार के योगदान के बारे में जानकारी दी।
हिमेश रेशमिया ने कैसे की शीर्षक में मदद?
हाल ही में एएनआई से हुई बातचीत में सूरज बड़जात्या ने कहा, ‘जब हिमेश जी ने मुझसे पूछा कि फिल्म का टाइटल सॉन्ग और टाइटल क्या होना चाहिए? तो मैंने उनसे कहा कि मेरे पास अभी तक कोई टाइटल नहीं है, लेकिन मेरे मन में एक विचार जरूर है। मैंने उन्हें बताया कि फिल्म का मूल विचार एक वचन है। उन्होंने सुझाव दिया कि 'वचन' शब्द को और अधिक संगीतमय बनाया जाए। तो मैंने कहा, 'अगर हम इसे इस तरह कहें, ‘मैंने मोल लिया ये वचन'। तभी उन्होंने 'ये प्रेम मोल लिया' टाइटल सुझाया।'
हिमेश रेशमिया, सूरज बड़जात्या
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रतिज्ञा पर आधारित है कहानी
फिल्म की कहानी पर बात करते हुए सूरज ने कहा, ‘फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' एक पारंपरिक प्रतिज्ञा पर आधारित है जो दूल्हा बारात के साथ दुल्हन के घर पहुंचने पर लेता है। दुल्हन के घर पहुंचकर वह तोरण को अपनी तलवार से छूता है। वह जो प्रतिज्ञा लेता है, वह यह है कि आज से वह इस घर की रक्षा की जिम्मेदारी लेगा। कहानी इसी प्रतिज्ञा पर आधारित है।’
ये प्रेम मोल लिया
- फोटो : यूट्यूब
फिल्म को मिली सेंसर के हरी झंड़ी
रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने 'ये प्रेम मोल लिया' को यू/ए सर्टिफिकेट दिया है। खास बात यह है कि सूरज बड़जात्या की फिल्मों को आमतौर पर यू सर्टिफिकेट मिलता रहा है, ऐसे में इस बार फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट मिलना चर्चा में है। 'ये प्रेम मोल लिया' की कुल अवधि 2 घंटे 53 मिनट है। इसके साथ ही यह सूरज बड़जात्या के करियर की तीसरी सबसे लंबी फिल्म बन गई है। इससे पहले 'हम आपके हैं कौन' 3 घंटे 13 मिनट और 'मैंने प्यार किया' 3 घंटे 4 मिनट की अवधि के साथ इस सूची में शामिल हैं।