'दबंग', 'दबंग 2' और 'राऊठी राठौर' जैसी सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहीं सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी फिल्मों की सफलता को भुनाना शुरू कर दिया है। वह अपनी एक तेलुगू फिल्म के लिए पांच करोड़ रूपए चार्ज कर रही हैं। दो साल पहले इंडस्ट्री में आयीं सोनाक्षी के लिए यह एक सपने जैसा है।
फिल्म इंडस्ट्री की टॉप तीन नायिकाएं करीना कपूर, प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ फिल्मों में काम करने के लिए सात करोड़ का मेहनताना लेती हैं। यह मेहनताना वह तब ले रही हैं जब उन्हें इंडस्ट्री में लगभग दस साल हो गए हैं। इन अभिनेत्रियों ने कई हिट फिल्मों के साथ अलग-अलग तरह के रोल किए हैं। पर सोनाक्षी के साथ ऐसा नहीं है। उन्हें इंडस्ट्री में आए अभी दो साल ही हुए हैं और उन्होंने पांच करोड़ रुपए चार्ज करने शुरू कर दिए।
सोनाक्षी यह रकम अपनी आने वाली तेलुगू फिल्म के लिए ली है। कृष जगलरमुदी की फिल्म 'शिवम' के लिए सोनाक्षी ने यह रकम मांगी है। सूत्रों के अनुसार निर्माता यह रकम सोनाक्षी को देने के लिए तैयार हैं। 2014 में रिलीज होने वाली इस फिल्म की शूटिंग इसी साल होगी। इसके पहले सोनाक्षी की 2013 में 'लुटेरा', 'वन्स अपॉन ए टाइम' और 'बुलेट राजा' रिलीज होंगी। शायद सोनाक्षी पर इन दिनों किस्मत मेहरबान है।