इस शुक्रवार कोई बड़ी हिंदी फिल्म न होने का सीधा लाभ दीवाली के मौके पर रिलीज हुई फिल्मों का मिल रहा है। ज्यादा लाभ की हालत में फिल्म 'सन ऑफ सरदार' है। कॉमेडी और एक्शन होने की वजह से इस फिल्म की मांग छोटे शहरों और कस्बों में ज्यादा है। इस शुक्रवार से लगभग 300 नए सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर इस फिल्म का प्रदर्शन करेंगे।
यह वह सिनेमाघर हैं जहां अभी तक यह भी नहीं चल रही थी। पहले से यह फिल्म चला रहे ज्यादातर सिंगल स्क्रीन सिनेमा इस फिल्म को बनाए रखेंगे। दीवाली के मौके पर रिलीज हुई इन दोनों ही फिल्मों को अच्छी सफलता मिली है। दीवाली पर रिलीज हुईं 'सन ऑफ सरदार' के अलावा 'जब तक है जान' भी हिट हो चुकी है। इन दोनों फिल्मों के 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने की पूरी संभावना है।
कलेक्शन के मामले में अभी तक 'जब तक है जान', 'सन ऑफ सरदार' से थोड़ा आगे चल रही है। 'सन ऑफ सरदार' फिल्म का निर्देशन अश्वनी धीर ने किया है। इस फिल्म में अजय देवगन, संजय दत्त और सोनाक्षी सिन्हा मुख्य भूमिका में हैं। इस शुक्रवार हॉलीवुड फिल्म 'लाइफ ऑफ पाई' के अलावा दो छोटी फिल्में रिलीज हो रहीं हैं।