सोहा का पोस्ट
सोहा अली खान ने आज अपने पिता मंसूर अली खान पटौदी की बर्थ एनिवर्सरी पर इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ सोहा ने लिखा, 'अब्बा, आपके जन्मदिन पर मैं उस जगह खड़ी होना चाहती थी जहां क्रिकेट आपको सबसे ज्यादा याद करता है। ईडन गार्डन्स आज भले खाली हो, लेकिन आपके लिए यह कभी चुप नहीं रहता। यह वो मैदान है जहां आपको खेलना बहुत पसंद था और जहां आपने कई बार भारत की कप्तानी की।'
अब्बू के क्रिकेट को किया याद
आगे सोहा ने लिखा, 'सबसे यादगार शायद दिसंबर 1974 का टेस्ट मैच था, जब मजबूत वेस्ट इंडीज टीम के खिलाफ खेला गया। एंडी रॉबर्ट्स की एक गेंद आपके चेहरे पर लगी, जिससे गाल की हड्डी टूट गई। आप चोट लगने और खून बहने के बावजूद मैदान से बाहर गए, लेकिन फिर लौटकर आए और टीम को 85 रनों से शानदार जीत दिलाई।'
अपने अब्बू को मिस करती हैं सोहा
सोहा ने आगे लिखा, 'ईडन गार्डन्स में खेला वो टेस्ट मैच भारतीय क्रिकेट की सबसे यादगार जीतों में से एक है- हिम्मत और बहादुर कप्तानी का बेहतरीन उदाहरण। दर्शक आज भी आपको, उस क्रिकेटर को, याद करते हैं। मैं आपको याद करती हूं। हम दोनों यहीं के हैं। जन्मदिन मुबारक हो, अब्बा।'