सार
AR Rahman Controversy: बीते दिनों अपने एक बयान को लेकर संगीतकार ए आर रहमान विवादों में घिर गए। इसी बीच सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य का एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ए आर रहमान पर बड़ा आरोप लगाते दिखे। जानिए, विवादों के बीच फंसे ए आर रहमान को लेकर सिंगर अभिजीत ने क्या कहा?
सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य, संगीतकार ए आर रहमान
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
बीते दिनों एक इंटरव्यू में संगीतकार ए आर रहमान ने फिल्म इंडस्ट्री को लेकर बड़ी टिप्पणी कर दी थी। पहले उन्होंने फिल्म 'छावा' को बांटने वाली फिल्म कह दिया। आगे इसी इंटरव्यू में यह भी कहा कि बॉलीवुड में सांप्रदायिकता का प्रभाव बढ़ रहा है। इसका असर फिल्मी दुनिया और संगीत पर भी नजर आता है। इस बयान के बाद बॉलीवुड सेलेब्स से लेकर सोशल मीडिया तक लोगों ने ए आर रहमान को खरी-खोटी सुनाई। रविवार को उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए अपने कहे शब्दों के लिए माफी भी मांगी। लेकिन इसी बीच सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य का एक बयान चर्चा में आ गया। जिसमें वह ए आर रहमान पर ही बड़ा आरोप लगाते दिखे।
रहमान को लेकर क्या बोले सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य?
एएनआई से की गई एक बातचीत में सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने कहा, ‘फिल्मों में जो म्यूजिशियन काम करते थे, जो इंस्ट्रूमेंट बजाते थे, वे लोग बिना जॉब के हैं। यह सब रहमान की वजह से हुआ। उन्होंने ही लोगों को बताया कि इतने सारे म्यूजिशियन की जरूरत नहीं है, सारा काम लैपटॉप के जरिए हो सकता है। हर तरह का म्यूजिक इससे तैयार किया जा सकता है।’
रहमान की वजह से म्यूजिशियन घर पर बैठे हैं
अभिजीत भट्टाचार्य ने आगे कहा, ‘वो चाहते हैं कि जो कमाऊं मैं ही कमाऊं। वह खुद तो फेमस हो गए लेकिन म्यूजिशियन लोग घर पर बैठे हैं। मुझे याद है कि पहले 50 लोग आकर गाने में वॉयलेन बजाते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। इसके जिम्मेदार रहमान साहब हैं।’
ये खबर भी पढ़ें: क्या एआर रहमान ने 'वंदे मातरम' गाने से कर दिया था इनकार? दावे को सिंगर चिन्मई ने बताया गलत, दिया यह रिएक्शन
पहले भी रहमान पर तंज कस चुके हैं अभिजीत
एएनआई के ही पॉडकास्ट में अभिजीत भट्टाचार्य ने ए आर रहमान को लेकर एक और खुलासा किया था। वह कहते हैं, ‘'रहमान साहब के यहां मैंने बड़े-बड़े पद्म भूषण और पद्मश्री वालों को बैंच पर बैठे देखा है। लेकिन रहमान साहब दो घंटे, तीन घंटे तक मिलने नहीं आते। सब लोग बैठे रहते हैं। एक-दूसरे से गप्पे मारते हैं। ऐसे ही एक मौके पर मैंने अपनी घड़ी देखी और उनकी टीम से कहा कि जल्दी करो। जब रहमान साहब नहीं आए तो मैं गाना गाकर वहां से निकल गया। उनके असिस्टेंट ने गाना रिकॉर्ड किया। मैं तो जिस काम के लिए आया था, वो करके निकल गया।’