सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट के बीच कुछ न कुछ गुटगूं चलती ही रहती है। भले ही वे दोनों अपने रिश्ते को लेकर खुल कर सामने न आते हों लेकिन कभी इस बात को नकारते भी नहीं दिखते कि वे एक दूसरे को पसंद करते हैं। अक्सर ही वे दोनों साथ दिख जाते हैं।
साथ में फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से डेब्यू करने वाले सिड और आलिया की जोड़ी भी दर्शकों को अच्छी लगती है। आलिया भले ही कभी कभी बंद जबान से सिड की तारीफ कर देती हैं लेकिन सिड ज्यादा आलिया के बारे में कुछ नहीं बोलते दिखे।
लेकिन अब अपने रिश्ते पर चुप्पी साधने वाले सिद्धार्थ ने आखिरकार यह राज खोल ही दिया कि उन्हें आलिया क्यों पसंद हैं। फिल्मीबीट की खबर के मुताबिक हाल ही में जब फिल्मफेयर ने सिद्धार्थ से पूछा कि वे आलिया को क्यों पसंद करते हैं तो उन्होंने यह जवाब दिया।
आलिया के साथ काम करना लगता है आसान
सिद्धार्थ का कहना था कि आलिया फिल्मी परिवार से होने के बावजूद उस परिवेश से दूर रहीं औऱ उन पर स्टार किड होने का असर नहीं दिखता, यहीं उनकी सबसे अच्छी बात है। वो एक मामूली लड़की की तरह रहती हैं और वैसा ही सोचती हैं न कि बहुत नखरे दिखाती हैं।
सिद्धार्थ ने कहा कि उनके साथ काम करना आसान रहता है। वे एक ऐसी महिला हैं जो जल्दी चीजों के साथ ढल जाती हैं। एक क्यूट सी लड़की से कैसे हाईवे में वह एक मजबूत लड़की में बदल गईं ये भी देखने लायक था।
सिड ने कहा,''मैंने सुना है कि उड़ता पंजाब में भी उनका दमदार रोल है। उन्हें स्टूडेंट ऑफ द ईयर में भले ही सबसे कम तारीफें मिली हों लेकिन आज वे हम सबसे बहुत आगे हैं।''
आलिया और सिद्धार्थ जल्द ही शकुन बत्रा की फिल्म 'कपूर एंड सन्स' में भी साथ दिखेंगे। वे कुछ समय पहले एक कोल्डड्रिंक के विज्ञापन में भी साथ दिखे थे।