इस फिल्म में नजर आएंगे सिद्धांत
सिद्धांत कपूर की आगामी फिल्म का नाम है, 'ह्यूमन कोकेन'। यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। सिद्धांत के अलावा फिल्म में इशिता राज, जाकिर हुसैन, पुष्कर जोग और ब्रिटिश एक्टर्स नजर आएंगे। ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें स्टारकास्ट के लुक शेयर किए हैं। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट बताई है। 'ह्यूमन कोकेन' 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में सिद्धांत कपूर का लुक देखने लायक है।
शक्ति कपूर, श्रद्धा-सिद्धांत कपूर
- फोटो : इंस्टाग्राम
कौन हैं सिद्धांत कपूर?
सिद्धांत कपूर बॉलीवुड फिल्मों में खूंखार विलेन का किरदार अदा करने वाले शक्ति कपूर और शिवांगी कोल्हापुरी के बेटे हैं। श्रद्धा कपूर उनकी बहन हैं। सिद्धांत कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हालांकि, उन्होंने इंडस्ट्री में करियर की शुरुआत असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर की थी। उन्होंने ली स्ट्रेसबर्ग थिएटर एन्ड फिल्म इंस्टीट्यूट से फिल्ममेकिंग और एक्टिंग का कोर्स किया। इसके बाद एक डिस्क जॉकी के रूप में शुरुआत की। सिद्धांत ने करीब दो साल तक प्रियदर्शन के साथ कई फिल्मों में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया। इनमें 'चुप चुपके', 'भूल भुलैया', 'भागम भाग', 'और 'ढोल' जैसी फिल्में शामिल हैं।
2013 में शुरू किया अभिनय
सिद्धांत कपूर के अभिनय करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2013 में पहली बार फिल्म 'शूटआउट एट वडाला' में अभिनय किया। इसमें जॉन अब्राहम लीड रोल में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही थी। इसके बाद सिद्धांत ने 'अगली' में असिस्ट भी किया और एक छोटे से रोल में भी नजर आए। सिद्धांत 'जज्बा', 'हसीना पारकर', 'पलटन', 'हेलो चार्ली' 'भूत-पार्ट 1' और 'चेहरे' शामिल हैं। सिद्धांत वेब सीरीज 'भौकाल' में भी नजर आ चुके हैं। उनका किरदार नेगेटिव था। इस साल सिद्धांत को नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मंडला मर्डर्स' में देखा गया था। इसके अलावा बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि सिद्धांत ने 1997 में आई सलमान खान की फिल्म 'जुड़वां' में भी अभिनय किया था। वह रंगीला के रूप में नजर आए थे।