विक्की डोनर, मद्रास कैफे और पीकू जैसी फिल्में बनाने वाले निर्देशक शुजित सरकार की अगली फिल्म देश की आजादी की लड़ाई की कहानी होगी। इससे पहले अटकलें लग रही थीं कि वह 1911 में भारतीयों और अंग्रेजों के बीच खेले गए एक फुटबॉल मैच पर आधारित फिल्म बनाने जा रहे हैं। खबर थी कि इसे जॉन अब्राहम प्रोड्यूस करेंगे। मगर शुजित ने कहा कि ऐसा नहीं हो रहा।
उन्होंने बताया कि उनकी अगली फिल्म का विषय देश का स्वतंत्रता संग्राम होगा और उसके तमाम घटनाक्रमों से जुड़ी एक फिल्म वह बनाएंगे। शुजित के अनुसार तैयारियां हो चुकी हैं और अगले साल मार्च-अप्रैल में शूटिंग शुरू करेंगे। फिलहाल उन्होंने यह राज रखा है कि फिल्म में कौन-कौन ऐक्टर होंगे।
शुजित ने इस बात को खारिज किया कि उनकी योजना विक्की डोनर का सीक्वल या स्पर्म डोनेशन के मुद्दे पर विक्की डोनर-2 बनाने की है। वैसे उन्होंने माना कि इस विषय पर हर महीने उनके पास एक न एक स्क्रिप्ट आ ही जाती है।