शिविका दीवान का निर्माताओं से सवाल
शिविका दीवान ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने सभी निर्माताओं से एक सवाल किया। उन्होंने कहा, ‘मेरा सभी निर्माताओं से सवाल है कि भोजपुरी इंडस्ट्री को आज तक सम्मान क्यों नहीं दिया जाता है। मुझे नहीं लगता है कि कोई भी भाषा अश्लील कंटेंट की मांग कर सकती है। यह आप है, जो इसे बेचने के लिए आसानी से दर्शकों के सामने पेश करते हैं। ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि यूपी और बिहार के लोग सिर्फ अश्लीलता ही पसंद करते हैं। यह सब दूर करने के लिए किसी को कदम आगे बढ़ाने होंगे और बदलाव करना होगा। मैं इंडस्ट्री में ऐसी फिल्में करना पसंद करूंगी, जो बदलाव लाएं।’
शिविका ने बदलाव की कही बात
शिविका ने कहा, ‘मेरा मानना है कि अब ऐसा समय आ गया है जब भोजपुरी इंडस्ट्री में इस तरह की फिल्में बनें, जिन्हें दूसरी भाषाओं में भी बनाया जाए। इस तरह की फिल्मों से लोगों का नजरिया भोजपुरी इंडस्ट्री की तरफ बदल जाएगा। मुझे पता है कि यह थोड़ा मुश्किल है लेकिन असंभव नहीं है।’
शिविका दीवान की अपकमिंग फिल्में
शिविका दीवान के करियर की बात करें तो, उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘चैलेंज’ से रखा था। वह अब तक अलग-अलग भाषाओं में फिल्में कर चुकी हैं। उनके पास अब दो तेलुगू फिल्में और एक पंजाबी फिल्म हैं, जो अगले साल रिलीज होंगी। इसके अलावा, अभिनेत्री के पास ‘कहानी’, ‘पहेली’, ‘परवरिश’ और ‘खिलाड़ी’ जैसी कई भोजपुरी फिल्में भी हैं।