भारतीय सशस्त्र बल दुनिया में सर्वश्रेष्ठ- सिद्धार्थ मल्होत्रा
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने समारोह में बात करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बल दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हैं और यही वजह है कि हम अपनी स्वतंत्रता और लोकतंत्र का आनंद ले पाते हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भारत सरकार द्वारा शुरू की गई इस पहल के बारे में भी बताया और प्रत्येक भारतीय से सैन्य अभियानों के दौरान ड्यूटी के दौरान मारे गए या गंभीर रूप से घायल सैनिकों के परिवारों का समर्थन करने का आग्रह किया।
क्या है 'मां भारती के सपूत' वेब पोर्टल का मुख्य उद्देश्य
'मां भारती के सपूत' लॉन्च समारोह का शुभारंभ देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह द्वारा किया गया। बता दें कि यह एक त्रि-सेवा कोष है, जिसका उपयोग देश की तीनों सेनाओं के उन सैनिकों के परिवारों को तत्काल सेवा उपलब्ध करवाने के लिए किया जाता है, जो सैन्य अभियानों के तहत अपना बलिदान देते हैं या गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इस वेबसाइट के लॉन्च का उद्देश्य फंड की प्रक्रिया को सुगम बनाना है ताकि लोग सीधे ऑनलाइन फंड में योगदान दे सकें। यहां तक की किसी भी व्यक्ति द्वारा सेना के लिए दिए गए फंड योगदान का प्रमाण पत्र भी इस वेबसाइट के जरिए आसानी से डाउनलोड किया जा सकेगा।