अमिताभ बच्चन के साथ कुछ सफल फिल्म देने वाले शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर अमिताभ के साथ काम करना चाहते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों कलाकारों को साथ में लाने की कोशिश भी हो रही हैं। एक बातचीत में शत्रुघ्न ने कहा कि, हमने 'शान' और 'काला पत्थर' के बाद एक साथ काम नहीं किया।
इन फिल्मों को दर्शकों ने स्वीकारा था। पता नहीं किस वजह से फिल्मकारों ने हमारी जोड़ी क्यों नहीं बनाई। उनके साथ एक बार फिर काम करना सचमुच में बेहतर और रोमांचकारी होगा। वे एक अच्छे इंसान और बेहतरीन अभिनेता हैं। शत्रुघ्न ने कहा कि आप कितना भी सीख चुके हों पर जब आप अमिताभ के साथ काम करते हैं तब आपको यहां से कुछ नया सीखना को मिलता है। उम्र के इस पड़ाव में भी अमिताभ के पास साथी कलाकारों को देने के लिए बहुत कुछ है।
अपनी बेटी सोनाक्षी सिन्हा के बारे में बात करते हुए शत्रुघ्न ने कहा कि सोनाक्षी का करियर अच्छा चल रहा है। दर्शक और इंडस्ट्री के जानकार दोनों ही इसकी तारीफ कर रहे हैं। सोनाक्षी बड़े कलाकारों और बड़े बैनर की फिल्मों में काम कर रही है। शत्रुघ्न ने कहा कि फिल्में चुनना का फैसला पूरी तरह से सोनाक्षी का होता है मैं सिर्फ उसमें परामर्श देता हूं।