भाजपा के सांसद और बीते जमाने के मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) में नए चैयरमैन के पद को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद को नया मोड़ दे दिया है। शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि वो इंस्टीट्यूट के अंतरिम चैयरमैन बनने के लिए बिल्कुल तैयार थे। उन्होंने कहा कि मैंने इसके लिए एक पत्र की मांग भी की थी। लेकिन आखिरी समय पर ऐसा ना हो सका।
पुणे का विश्वविख्यात संस्थान फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) पिछले साल से बेहद चर्चाओं में हैं। मोदी सरकार के गजेंद्र चौहान को संस्थान का नया चैयरमैन नियुक्त करने के साथ ही छात्रों और बुद्धिजीवियों का एक धड़ा लगातर उनका विरोध कर रहा है। बहुत से छात्र लंबे समय से संस्थान में धरने पर भी हैं।
विरोध कर रहे छात्रों के का कहना है कि गजेंद्र चौहान के नाम पर ऐसा कोई खास कारनामा नहीं है जो उन्हें इस पद के काबिल बनाता हो। गजेंद्र चौहान की पहचान सिर्फ महाभारत में निभाए गए उनके रोल युधिष्ठिर से है। बेहद कड़े विरोध के बावजूद गजेंद्र चौहान अपना पद संभाल चुके हैं। लेकिन अब शत्रुघ्न के दावे वाकई चौंकाने वाले हैं।