बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर डिप्रेशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका इलाज शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता सोनू सूद ने उनके लिए यह व्यवस्था की है। इस बीच एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें दो एनजीओ कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एक ट्रस्ट की अध्यक्ष हेमा चौधरी, अभिनेता की हालत का इस्तेमाल आर्थिक लाभ कमाने के लिए कर रही हैं। हेमा ने इन आरोपों का कड़ा खंडन किया है।
हेमा ने आरोपों का खंडन किया
अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए हेमा चौधरी ने हाल ही में शरद कपूर और उनके कुत्तों का एक वीडियो जारी किया। इसमें उनके घर की खराब हालत साफ दिख रही है। फर्श पर जानवरों की गंदगी पड़ी थी। शरद काफी कमजोर और परेशान नजर आ रहे थे, जबकि हेमा की टीम उन्हें वहां से निकालने की कोशिश कर रही थी। वे एक गंदे गद्दे पर बैठे थे और उनके चारों ओर कचरा फैला हुआ था। कुत्ते भी काफी बेचैन दिख रहे थे और लगातार भौंक रहे थे।
शरद कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
हेमा ने मांगी थी मदद
हेमा ने बताया कि यह वीडियो 24 अक्तूबर का है, जब शिराज अहमद नाम का एक व्यक्ति उनके स्टाफ और एम्बुलेंस ड्राइवर के साथ वहां पहुंचा था। उन्होंने बताया कि उनकी मां और एक एम्बुलेंस नीचे इंतजार कर रही थी, ताकि कुत्तों को सुरक्षित जगह ले जाया जा सके। हेमा के अनुसार जेवियर- जिसने उन पर आरोप लगाए हैं ने ही एम्बुलेंस के लिए उनसे संपर्क किया था। हेमा का दावा है कि उन्होंने शरद और कुत्तों को बचाने के लिए कई बार जेवियर से मदद मांगी लेकिन उन्हें जवाब मिला कि उनकी पहुंच काफी अच्छी है और वे खुद स्थिति संभाल लेंगी। हेमा ने आगे आरोप लगाया कि 18 दिनों तक कोई जवाब न मिलने पर, उन्होंने खुद वहां जाने और इस मामले को सबके सामने लाने का फैसला किया।
वीडियो की वजह से जिंदा हैं शरद और कुत्ते
उन्होंने अपने एनजीओ से शरद के कुत्तों का एक नया वीडियो पोस्ट किया और लिखा, 'यह कुत्तों का अभी का वीडियो है। वे ठीक और सुरक्षित हैं। लोग मेरी जान के पीछे क्यों पड़े हैं? कौन सा घोटाला? मैंने उनसे सबूत के साथ अपनी बात रखने को कहा था, क्योंकि मेरे ही एक वीडियो की वजह से आज शरद कपूर और उनके कुत्ते जिंदा हैं।'
शरद कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या थे शिराज और जेवियर के आरोप?
शिराज भाटिया अहमद और जेवियर सैंटियागो ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने हेमा पर आरोप लगाया कि वह आर्थिक लाभ के लिए शरद का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वे कुछ समय से इस अभिनेता के मामले को देख रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हेमा उसी दिन शरद से मिलने गईं, जिस दिन उन्होंने वह वायरल रेस्क्यू वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने हेमा को नकली एनिमल एक्टिविस्ट कहा और उन पर इस स्थिति का इस्तेमाल पब्लिसिटी स्टंट के लिए करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आगे दावा किया कि उनके पास शरद के साथ हुई बातचीत के सबूत हैं लेकिन उन्होंने इसे शेयर नहीं करने का फैसला किया, क्योंकि उन्हें लगा कि अभिनेता को इतनी कमजोर हालत में सबके सामने दिखाना सही नहीं होगा।
एक अन्य वीडियो में अहमद ने कपूर के घर के परेशान करने वाले दृश्यों को शेयर करने के लिए हेमा की आलोचना की। उन्होंने लिखा, 'जैसे ही मैंने एक छोटा टीजर जारी किया, हेमा चौधरी ने शरद कपूर जी के ऐसे वीडियो अपलोड कर दिए, जिन्हें उनकी प्राइवेसी, गरिमा और हालत को देखते हुए कभी भी सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए था!'
उन्होंने हेमा से यह भी अपील की कि वे शरद की प्राइवेसी का सम्मान करें और इस स्थिति को संवेदनशीलता के साथ संभालें।