साल 2023 में रिलीज फिल्मों के विजेताओं को आज मंगलवार को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। बता दें कि इन पुरस्कारों का एलान 01 अगस्त को किया गया था। कोविड महामारी के चलते राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन दो वर्ष विलंब से चल रहा है। आज आयोजित समारोह में शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और विक्रांत मैसी जैसे सितारों को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के सम्मान दिया गया। इस रिपोर्ट में देखिए पुरस्कार समारोह की झलकियां
मोहनलाल
- फोटो : पीटीआई
पारंपरिक पोशाक में पहुंचे मोहनलाल
अभिनेता मोहनलाल पारंपरिक लिबास में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शिरकत करने पहुंचे। वे व्हाइट कलर के लुंगी कुर्ता में पहुंचे। दादाासाहेब पुरस्कार प्रदान करने से पूर्व राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मोहनलाल को स्टैंडिंग ओवेशन मिला। सम्मान ग्रहण करने के बाद मोहनलाल ने संबोधन भाषण दिया। उन्होंने दर्शकों, पुरस्कार ज्यूरी और पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
विक्रांत मैसी और शाहरुख खान पुरस्कार ग्रहण करते हुए
- फोटो : पीटीआई
आकर्षण का केंद्र रहे शाहरुख खान, मैनेजर पूजा ददलानी ने भी की शिरकत
इस वर्ष के पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। उन्हें फिल्म 'जवान' (2023) के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया। उनके अलावा विक्रांत मैसी को '12वीं फेल' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। दोनों सितारों को बतौर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता यह पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतिष्ठित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शाहरुख खान ब्लैक सूट में नजर आए। इस समारोह में उनकी मैनेजर पूजा ददलानी ने भी शिरकत की। वहीं, विक्रांत मैसी व्हाइट कलर के सूट में खूब जंचे। विक्रांत और शाहरुख दोनों का यह पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है।
शाहरुख खान-रानी मुखर्जी
- फोटो : पीटीआई
ट्रेडिशनल लुक में खूब जंचीं रानी मुखर्जी
अभिनेत्री रानी मुखर्जी को 'मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' (2023) के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया। यह रानी मुखर्जी का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार है। रानी मुखर्जी और शाहरुख खान समारोह में साथ बैठे नजर आए। रानी ने ब्राउन कलर की साड़ी में सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने व्हाइट पर्ल नेकलेस, सिल्वर ईयररिंग से लुक कंपलीट किया। वे पारंपरिक लुक में नजर आईं।
पुष्पा फेम डायरेक्टर सुकुमार की बेटी को मिला सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का सम्मान
- फोटो : पीटीआई
पुष्पा फेम डायरेक्टर सुकुमार की बेटी को मिला सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार
इस बार के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में पुष्पा के डायरेक्टर सुकुमार की बेटी सुकृति को बेस्ट चाइल्ड एक्ट्रेस का अवॉर्ड प्रदान किया गया है। सुकुमार भी अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल हुए।
राष्ट्रपति मुर्मू से सम्मान प्राप्त करते करण जौहर
- फोटो : पीटीआई
करण जौहर ने जताई खुशी
फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर को अपनी साल 2023 में आई फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया। 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' को बेस्ट पॉपुलर एंटरटेनमेंट फिल्म के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। इस अवसर पर करण जौहर ने कहा कि यह भावुक पल है।
वैभवी मर्चेंट को 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के लिए बेस्ट कोरियोग्राफ सम्मान
- फोटो : अमर उजाला
वैभवी मर्चेंट को भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट को करण जौहर निर्देशित फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के गाने 'ढिंढोरा बाजा रे' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। उन्हें सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफर का सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू से सम्मान प्राप्त करती मेघना गुलजार
- फोटो : पीटीआई
मेघना गुलजार को किया गया सम्मानित
फिल्म 'सैम बहादुर' को सामाजिक संदेश देने के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्देशक मेघना गुलजार ने यह सम्मान ग्रहण किया।
सुदीप्तो सेन को किया गया सम्मानित
- फोटो : वीडियो ग्रैब
सुदीप्तो सेन को किया गया सम्मानित
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सुदीप्तो सेन को प्रदान किया गया। उन्हें फिल्म 'द केरल स्टोरी' के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।