शाहरुख खान के लिए पिछला सप्ताह याद रखने लायक रहा। उन्हें कुछ ऐसा मिला जिसे वह जीवन भर याद रखेंगे।
पिछला हफ्ता शाहरुख के लिए बहुत शानदार रहा। फ्रांसिसी सरकार द्वारा मुंबई में सम्मानित किए जाने के बाद उन्हें साउथ का प्रतिष्ठित विजय अवार्ड भी मिला। शनिवार को चेन्नई में आठवें वार्षिक विजय अवार्ड्स में शाहरुख को ‘एंटरटेनर ऑफ इंडियन सिनेमा’ से नवाजा गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल शाहरुख की ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक सांस्कृतिक पुल बनाने का काम किया था और सुपर हिट साबित हुई थी। शाहरुख को दिए गए इस सम्मान के दौरान साउथ की बड़ी फिल्मी हस्तियां मौजूद थीं, जिनमें ऐक्टर कमल हासन, सूर्या, विजय और निर्देशक शंकर समेत लता रजनीकांत मौजूद थीं।
लता रजनीकांत के हाथों शाहरुख को यह सम्मान दिया गया। इस मौके पर शाहरुख ने कहा, ‘मैं साउथ की भाषाएं नहीं समझ पाता हूं, लेकिन मुझे एक भाषा आती है। वह है सिनेमा की भाषा, जो दिल से निकलती है और उसमें सिर्फ मोहब्बत का संदेश होता है।’