'डियर जिंदगी' और 'रईस' जैसी सफल फिल्मों का निर्माण करने के बाद शाहरुख खान जल्द ही जल्द ही भारतीय वायु सेना पर फिल्म लेकर आएंगे। उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट भारतीय सेना के 'ऑपरेशन खुकरी' पर फिल्म बनाने जा रही है।
मुंबई मिरर में छपी खबर के मुताबिक रेड चिलीज इस प्रोजेक्ट के लिए जमकर रिसर्च कर रही है। ये फिल्म अजुर एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर बनाई जाएगी। भारतीय सेना और वायु सेना के जज्बे को सलाम करती इस फिल्म की शूटिंग अफ्रिका में होगी। फिल्म से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, 'फिल्म की स्टार कास्ट और डायरेक्टर फाइनल किए जा चुके हैं। ये रेड चिलीज की सबसे महंगी फिल्म होगी। जहां तक शूटिंग की बात है तो वह इस साल के अंत तक शुरू हो सकती है।'
'ऑपरेशन खुकरी' 2000 में भारतीय सेना और वायु सेना द्वारा पश्चिम अफ्रिका के सिएरा लियोन के जंगल में शुरू हुआ था। नई दिल्ली से वासु सेना के 120 अधिकारी एयरलिफ्ट कर अफ्रिका भेजे गए थे ताकि वहां फंसे 223 लोगों को अपने देश वापस लाया जा सके। इन लोगों को संयुक्त राष्ट्र ने वहां के विद्रोही संगठन क्रांतिकारी संयुक्त मोर्चा से निपटने के लिए सरकार की मदद के लिए भेजा था।
शाहरुख खान की बात कि जाए तो वह जल्द ही इम्तियाज अली की फिल्म में अनुष्का शर्मा के साथ नजर आएंगे। ये फिल्म 11 अगस्त को अक्षय कुमार और भूमि पडनेकर की फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' के साथ रिलीज होगी। इसके अलावा वह सलमान खान की 'ट्यूबलाइट' में कैमियो करते नजर आएंगे।