शाहरुख खान इस समय भले ही अपनी फिल्म फैन्स की शूटिंग में व्यस्त हैं मगर उनकी आने वाली फिल्मों की चर्चाएं लगातार जारी हैं। खास तौर पर चेन्नई एक्सप्रेस वाले निर्देशक रोहित शेट्टी पर सबकी नजरें हैं।
फिलहाल खबर यह है कि शाहरुख-रोहित की इस फिल्म को टाइटल मिल गया है। सूत्रों पर विश्वास करें तो फिल्म का टाइटल होगा ‘दिलवाले’।
पहले यह टाइटल निर्माता-निर्देशक हैरी बावेजा के पास था जिन्होंने 1994 में इसी नाम से अजय देवगन और रवीना टंडन के साथ फिल्म बनाई थी। परंतु रोहित चाहते थे कि यह टाइटल अब उन्हें मिल जाए। उन्होंने इस बारे में बावेजा से बात की और उन्होंने खुशी-खुशी हां कह दिया।
इस बीच फिल्म से जुड़ी कुछ और खबरों में कहा जा रहा है कि शाहरुख समेत कुछ अन्य ऐक्टरों को भी डायरेक्टर ने फाइनल कर लिया है। फुकरे फेम वरुण शर्मा को निर्देशक ने फिल्म में लिया है।
हाल में वह सोनम कपूर के साथ डॉली की डोली में भी नजर आए थे। इस बीच काजोल, वरुण धवन और कृति सैनन से बातचीत की भी चर्चाएं हैं। उधर शाहरुख ने सोशल नेटवर्किंग साइट पर इन खबरों को गलत बताया है कि रोहित की मल्टीस्टारर फिल्म में 17 सितारे होंगे और वह फैन में 17 साल के किशोर की भूमिका में नजर आएंगे।