फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा बिजनेस करती है, इस पर फिल्म निर्माता, कलाकार और दर्शकों का भी ध्यान रहता है। फिल्म की रिलीज के साथ ही आंकड़ों का खेल शुरू हो जाता है। लेकिन अगर कहा जाए कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही 150 करोड़ कमा चुकी है तो अजीब लगेगा ना।
क्रिसमस पर शाहरुख खान की 'दिलवाले' रिलीज होने जा रही है, जिसकी संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' से टक्कर होने वाली हैं। शाहरुख खान इस मुकाबले को लेकर चिंतित नहीं हैं और उन्होंने ऐसी रणनीति बनाई है कि 'दिलवाले' की रिलीज के पहले ही उन्हें 150 करोड़ रुपये का मुनाफा हो जाएगा।
ये कमाई शाहरुख और रोहित शेट्टी के बीच बंटेगी क्योंकि दोनों फिल्म के निर्माता हैं। लेकिन खबरों के अनुसार शाहरुख को भारी फायदा होगा, क्योंकि वो फिल्म के अभिनेता भी हैं।
ये है रिलीज से पहले ही फिल्म से कमाने का तरीका
शाहरुख 'दिलवाले' से कैसे भारी कमाई करने जा रहे है उसका तरीका हम आपको बताते हैं। शाहरुख ने इस फिल्म को 60 करोड़ रुपये में बनाया है, बताया जा रहा है कि शाहरुख क्योंकि फिल्म के निर्माता भी हैं इसलिए उन्होने फिल्म के लिए फीस नहीं ली है।
60 करोड़ के बजट के बाद 15 करोड़ रुपये वे प्रचार पर खर्च करेंगे। इस तरह फिल्म का कुल बजट 75 करोड़ हुआ। शाहरुख भारत में वितरकों को यह फिल्म 130 करोड़ रुपये में बेचेंगे। विदेश में यह अधिकार 40 करोड़ रुपये में बेचे जाएंगे। संगीत के अधिकार 15 करोड़ रुपये और सैटेलाइट राइट्स 45 करोड़ रुपये में लगभग बिक गए हैं।
इस तरह से शाहरुख के पास फिल्म रिलीज होने के पहले ही 230 करोड़ रुपये आ जाएंगे और उनका मुनाफा लगभग 155 करोड़ रुपये होगा।
सिर्फ कमाई नहीं, शाहरुख की प्रतिष्ठा भी फिल्म के साथ जुड़ी
फिल्म की रिलीज से पहले ही शाहरुख कमाई कर लेंगे यो तो ठीक है, लेकिन शाहरुख इस फिल्म को लेकर काफी सीरियस हैं। इसकी कुछ खास वजह भी हैं। शाहरुख के सामने फिल्म के अच्छे प्रदर्शन का दबाव है। क्योंकि पिछले दिनों आमिर खान की पीके और सलमान की बजरंगी भाईजान ने शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में खान तिकड़ी के बादशाह पर भी फिल्म के शानदार प्रदर्शन का दबाव है।
आमिर और सलमान तो 300 करोड़ क्लब की फिल्में दे चुके हैं, लेकिन शाहरुख का खाता इस क्लब में अब तक नहीं खुला है। साथ ही काजोल और शाहरुख लंबे समय बाद वापसी कर रहे हैं। ऐसे में दोनों की जोड़ी पर भी निगाहें रहेंगी। इसलिए शाहरुख फिल्म के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं।