हमेशा रिलीज से पहले विभिन्न शहरों और न्यूज चैनलों पर जाकर अपनी फिल्म को ‘गर्म’ करने वाले शाहरुख खान ने इस बार दिलवाले को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है। फिल्म से जुड़े सूत्रों की मानें तो शाहरुख ने अपनी आने वाली फिल्म की रिलीज से पहले विभिन्न शहरों में जाकर प्रमोशन की योजना रद्द कर दी है।
सोशल मीडिया में हो रहे जबर्दस्त विरोध को देखते हुए शाहरुख इस बार लंदन और दुबई में फिल्म को ज्यादा प्रमोट कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि भारत में विरोध के चलते अगर नुकसान हुआ तो विदेशी बाजार से पूरा हो जाएगा। शनिवार को दुबई में उन्होंने अपनी सफलता को लेकर हुए सवाल के जवाब में कहा भी कि ‘मेरे स्टारडम का कारण यह है कि मेरी फिल्में यूएई, यूएस और यूके में अच्छी चलती हैं।'
सूत्रों की मानें तो शाहरुख फिल्म रिलीज से पहले छह शहरों में जाने की योजना बना रहे थे जो बाद में अंजाम तक नहीं पहुंच सकीं। बताया जाता है कि जिन शहरों में शाहरुख जाना चाहते थे वहां पर राजनीतिक विरोध के डर से उन्होंने यह कदम उठाया। मुंबई के अलावा दिल्ली, अहमदाबाद, इंदौर, भोपाल, जयपुर, लखनऊ, अमृतसर, चंडीगढ़, कोलकाता जैसे शहर फिल्म प्रमोशन की सूची में थे।
परंतु मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में शाहरुख की फिल्म को लेकर विरोध की खबरें हैं। यहां भाजपा शासित सरकारें हैं। बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता यहां सक्रिय है। ऐसे में वह रिलीज से पहले शाहरुख किसी तरह के विरोध का जोखिम उठाना नहीं चाहते।