बॉलीवुड स्टार्स के ट्विटर अकाउंट से जैसे ही ब्लू टिक गायब हुआ,वैसे ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। नेटिजंस अलग-अलग तरीके से ट्विटर के सीईओ एलन मस्क को ट्रोल करने लगे। बॉलीवुड सितारे भले ही अपने अतरंगी अंदाज के लिए आए दिन सोशल मीडिया पर ट्रोल होते हैं, लेकिन ट्रोल करने के मामले में भी ये किसी से कम नहीं हैं, जिसका हालिया उदाहरण हैं अभिनेता शाहिद कपूर।
''एलन तू वहीं रुक, मैं आ रहा हूं''
एक्टर ने ब्लू टिक छिने जाने पर एक मीम को शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में ट्विटर के सीईओ को धमकी दे डाली। दरअसल, एक यूजर ने शाहिद की फिल्म 'कबीर सिंह' का एक मीम साझा करते हुए लिखा,''ब्लू टिक के लिए एलन मस्क की पिटाई करने जा रहे शाहिद कपूर।'' इसके बाद एक्टर ने इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए फनी अंदाज में लिखा, ''मेरे ब्लू टिक को किसने टच किया। एलन तू वहीं रुक, मैं आ रहा हूं।''
इन सितारों का ब्लू टिक हुआ गायब
बता दें कि सिर्फ शाहिद ही नहीं, बल्कि अन्य बॉलीवुड सितारों के ब्लू टिक को हटा दिया है, जिनमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा जोनस, रणवीर सिंह, अजय देवगन, अक्षय कुमार, आलिया भट्ट और अनुष्का शर्मा समेत कई अन्य सेलेब्स शामिल हैं।
ब्लू टिक के लिए लगेंगे पैसे
दरअसल, ट्विटर की घोषणा के मुताबिक, वेरिफाइड अकाउंट से फ्री ब्लू टिक हटाए गए हैं। अब यूजर्स को ब्लू टिक के लिए पैसे देने होंगे। यानी जिन लोगों ने ट्विटर ब्लू प्लान के लिए ट्विटर को भुगतान नहीं किया है, उनके अकाउंट से ब्लू टिक हटाए दिए हैं। शुल्क का भूगतान कर दिए जाने पर ब्लू टिक साइन फिर लग जायेगा।