Shahid Kapoor: शाहिद कपूर की दो फिल्में 'देवा' और 'ओ रोमियो' बहुत अच्छा नहीं कर सकीं थीं। इन फिल्मों के अच्छा प्रदर्शन न करने पर अब शाहिद कपूर ने अपनी बात रखी है।
शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'कॉकटेल 2' के प्रमोशन में बिजी हैं। इस बीच उन्होंने अपनी पिछली दो फिल्में, 'देवा' और 'ओ रोमियो' पर बात की है। उनकी ये दोनों फिल्में काफी चर्चा के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाईं थीं। इससे उन्होंने एक बात सीखी है और अब उन्होंने फिल्मों के चुनाव में बदलाव किया है।
विज्ञापन
शाहिद ने बदला तरीका
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया के साथ बातचीत में शाहिद कपूर ने बताया कि 'देवा' और 'ओ रोमियो' के खराब प्रदर्शन की वजह से उन्होंने स्क्रिप्ट को परखने का अपना तरीका बदल लिया है। अब वह अकेले नरेशन नहीं सुनते, बल्कि अपनी टीम को भी साथ रखते हैं।
शाहिद कपूर ने कहा, 'एक बात जो मैंने अब अपनी टीम से कही है, वह यह है कि शायद मुझे अपनी स्क्रिप्ट खुद तय नहीं करनी चाहिए। हो सकता है कि मुझे पता हो कि कैमरे के सामने क्या करना है, लेकिन शायद मुझे यह न पता हो कि कौन सी फिल्में चुननी हैं। इसलिए अब मैं इस बात पर जोर देता हूं कि नरेशन अकेले न सुना जाए। अब मैं चाहता हूं कि कमरे में तीन और लोग हों, ताकि सिर्फ मैं ही उसे किसी खास नजरिए से न सोचूं।'
विज्ञापन
देवा में शाहिद कपूर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
सबकुछ एक्टर पर निर्भर नहीं होता
अपनी हालिया फिल्मों की असफलता पर बात करते हुए शाहिद ने कहा 'एक एक्टर के तौर पर आप जो करते हैं, उस पर भी आपका पूरा कंट्रोल नहीं होता। डायरेक्टर ही तय करता है कि फ्रेम कैसा होगा और उसे भी उससे खुश होना चाहिए।'
'देवा' और 'ओ रोमियो'
2025 में शाहिद कपूर ने फिल्म 'देवा' में काम किया। 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 40.82 करोड़ रुपये की कमाई की। 2026 में फिल्म 'ओ रोमियो' ने दर्शकों के बीच काफी उत्साह पैदा किया था। हालांकि, इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में केवल 110 करोड़ रुपये की कमाई की।
कब रिलीज होगी 'कॉकटेल'
शाहिद कपूर अब 'कॉकटेल 2' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहिद, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी एक लव ट्राएंगल पर आधारित है। यह 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।