शाहरुख खान, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट एक नए विज्ञापन में एक साथ नजर आए हैं। तीनों को एक साथ काम करते हुए देखकर फैंस उत्साहित हो गए हैं। हालांकि तीनों स्टार्स ने अभी तक किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। विज्ञापन में कलाकार एक दूसरे की टांग खींचते नजर आते हैं।
विज्ञापन में क्या है?
ये तीनों स्टार्स, जो पहले भी इसी ब्रांड के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं, इस नए कमर्शियल में एक्टर बिजेंद्र काला के साथ दिखाई दे रहे हैं। विज्ञापन की शुरुआत काला के एक अजीब आइडिया से होती है। शाहरुख, रणबीर और आलिया अक्षय कुमार की 2012 की फिल्म 'खिलाड़ी 786' के हिट गाने 'हुक्का बार' पर डांस कर रहे हैं। तीनों इस सुझाव पर विनम्रता से मुस्कुराते हैं और तय करते हैं कि वे इससे बेहतर कुछ सोच सकते हैं।
इसके बाद फिल्मों के रेफरेंस, खुद का मजाक उड़ाने और एक-दूसरे पर चुटकी लेने का मजेदार दौर चलता है, जिसमें हर स्टार अपनी फिल्मों से प्रेरित ऐड कॉन्सेप्ट का सुझाव देता है।
विज्ञापन में कलाकार
- फोटो : यूट्यूब
शाहरुख खान के आइडिया का उड़ाया गया मजाक
सबसे पहले विज्ञापन को लेकर शाहरुख खान फिल्म 'डॉन' से जुड़ा एक विचार देते हैं। उनके विचार पर आलिया और रणबीर हंसते हैं। रणबीर कपूर इस आइडिया का मजाक उड़ाते हुए कहते हैं 'इस ऐड को झेलना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है।'
विज्ञापन में कलाकार
- फोटो : यूट्यूब
रणबीर कपूर के आइडिया पर आलिया ने ली चुटकी
इसके बाद रणबीर कपूर विज्ञापन को लेकर अपनी फिल्म 'रॉकस्टार' से प्रेरित आइडिया देते हैं। इस पर आलिया और शाहरुख हंसते हैं। आलिया रणबीर पर मजाकिया अंदाज में चुटकी लेती हैं और कहती हैं, 'ओ नादान परिंदे, बैठ जा।'
विज्ञापन में कलाकार
- फोटो : यूट्यूब
आलिया के आइडिया पर आई हंसी
सबसे आखिर में आलिया भट्ट अपनी फिल्म 'जिगरा' से जुड़ा एक आइडिया बताती हैं। उनके आइडिया पर रणबीर कपूर और शाहरुख खान हंसते हैं। शाहरुख, आलिया का मजाक उड़ाते हुए कहते हैं 'इसे देखने का जिगरा किसी में नहीं होगा।'
एक-दूसरे के आइडिया का मजाक उड़ाने के बाद, तीनों आखिर में वहीं पहुंच जाते हैं जहां से शुरू किया था। तीनों अक्षय कुमार के गाने 'हुक्का बार' पर डांस करते हैं।
विज्ञापन में कलाकार
- फोटो : यूट्यूब
फैंस ने दी प्रतिक्रिया
फैंस को यह विज्ञापन बहुत पसंद आया है। जहां कुछ लोगों ने इसके बजट पर सवाल उठाए, वहीं दूसरों ने गुजारिश की कि वे तीनों साथ में किसी कॉमेडी फिल्म में काम करें। एक यूजर ने लिखा, 'इन्हें साथ में किसी कॉमेडी फिल्म में कास्ट करो, देखने में बहुत मजा आएगा।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'डियर करण जौहर प्लीज इन्हें अपनी डायरेक्ट की हुई फिल्म में साथ कास्ट करें।' तीसरे यूजर ने लिखा 'ठीक है, अब प्लीज इन्हें साथ में किसी फिल्म में लाओ।
शाहरुख, आलिया और रणवीर का वर्कफ्रंट
- काम की बात करें तो शाहरुख खान अगली बार फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे।
- यह फिल्म 26 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
- रणबीर और आलिया संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' में नजर आएंगे।
- यह फिल्म 21 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।