बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की लोकप्रियता किसी एक देश या इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रही है। दशकों से करोड़ों दिलों पर राज कर रहे शाहरुख खान अब वैश्विक स्तर पर ऐसे सुपरस्टार बन चुके हैं, जिनकी मिसाल हॉलीवुड और स्पोर्ट्स की सबसे बड़ी हस्तियों से दी जाती है। हाल ही में हॉलीवुड अभिनेता और टीवी होस्ट टेरी क्रूज ने शाहरुख खान को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि एसआरके का स्टारडम इंटरनेशनल लेवल पर है।
टॉम क्रूज और रोनाल्डो से की तुलना
ई-टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू के दौरान टेरी क्रूज ने शाहरुख खान की लोकप्रियता की तुलना हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज़ और फुटबॉल आइकन क्रिस्टियानो रोनाल्डो से की। उनके मुताबिक, शाहरुख सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि एक ग्लोबल ब्रांड हैं। टेरी का मानना है कि जिस तरह टॉम क्रूज़ हॉलीवुड का चेहरा हैं और रोनाल्डो का नाम पूरी दुनिया में गूंजता है, उसी तरह शाहरुख खान भारतीय सिनेमा का ऐसा चेहरा बन चुके हैं, जिसने सीमाओं को पार कर लिया है।
‘अभी तक मुलाकात नहीं हुई, लेकिन इंतजार है’
टेरी क्रूज ने यह भी कहा कि उनकी शाहरुख खान से अब तक व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन वह इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनके अनुसार, शाहरुख खान का नाम और पहचान इतनी बड़ी है कि दुनिया का कोई भी कलाकार उनसे मिलने की इच्छा रखेगा। टेरी ने SRK को ऐसा कलाकार बताया, जिसने अपनी मेहनत और टैलेंट से भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाई।
यह खबर भी पढ़ें: Tu Meri Main Tera Main Tera Tu Meri: बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम हुई कार्तिक-अनन्या की फिल्म, जानें रविवार का कलेक्शन
बॉलीवुड की म्यूजिकल संस्कृति के फैन
शाहरुख खान की तारीफ के साथ-साथ टेरी क्रूज ने बॉलीवुड की म्यूजिकल परंपरा की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्मों में जिस तरह गाने और डांस को कहानी का हिस्सा बनाया जाता है, वैसा हॉलीवुड में बहुत कम देखने को मिलता है। टेरी, जो खुद एक डांसर रहे हैं, मानते हैं कि बॉलीवुड की यही खूबी इसे दुनिया भर में अलग बनाती है।
‘पुराने हॉलीवुड की याद दिलाता है बॉलीवुड’
टेरी क्रूज के मुताबिक, जब वह बड़े सितारों को शानदार म्यूजिक पर डांस करते देखते हैं, तो उन्हें पुराने हॉलीवुड की याद आ जाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के म्यूजिकल एलिमेंट्स हॉलीवुड में अब बहुत कम देखने को मिलते हैं और यही वजह है कि दुनिया भर के दर्शक भारतीय सिनेमा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
कुमैल नानजियानी भी कर चुके हैं तारीफ
गौरतलब है कि इससे पहले भी मार्वल फिल्म ‘इटर्नल्स’ में नजर आ चुके अभिनेता कुमैल नानजियानी शाहरुख खान को ‘सिर्फ स्टार नहीं, बल्कि भगवान’ जैसा बता चुके हैं। लगातार हॉलीवुड सितारों की ओर से मिल रही यह तारीफ इस बात का सबूत है कि शाहरुख खान आज भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े ग्लोबल आइकन बन चुके हैं।