अपनी फिल्मों के सामने किसी और फिल्म की रिलीज न देखना चाह रहे शाहरुख खान के लिए अच्छी खबरें नहीं आ रही हैं। उनकी रईस के सामने ऋतिक रोशन स्टार काबिल आने की घोषणा तो पहले ही हो चुकी है, अब विद्या बालन स्टारर फिल्म कहानी-2 के सामने शाहरुख की आलिया भट्ट के साथ जोड़ी वाली फिल्म डियर जिंदगी की रिलीज डेट घोषित हुई है।
ताजा खबरों के अनुसार सोमवार की रात को फिल्म रईस के काबिल से टकराव को टालने गए शाहरुख खान को झटका लगा है। मीडिया में आ रही खबरों की मानें तो राकेश रोशन ने साफ कर दिया है कि वह अपनी फिल्म काबिल 26 जनवरी 2017 को ही रिलीज करेंगे। उन्होंने कहा है कि वह रिलीज डेट को पहले की तरह ही बनाए रखेंगे। इससे साफ हो गया है कि शाहरुख की रईस के निर्माताओं को सोचना है कि ऋतिक रोशन स्टारर से टक्कर लें या नहीं।
निर्देशक राहुल ढोलकिया की फिल्म में शाहरुख शराब माफिया रईस के रोल में हैं जिनकी टक्कर एक सशक्त पुलिसवाले (नवाजुद्दीन सिद्दिकी) से होती है। दूसरी तरफ काबिल थ्रिलर फिल्म है, जिसमें नेत्रहीन हीरो (ऋतिक) अपनी प्रेमिका (यामी गौतम) के हत्यारों को जुर्म की सजा देता है।
शाहरुख की एक इस साल आने वाली फिल्म डियर जिंदगी की रिलीज डेट मंगलवार शाम घोषित हुई। निर्देशक गौरी शिंदे की यह फिल् 25 नवंबर को थियेटरों में आएगी। जबकि निर्देशक सुजॉय घोष ने इस तारीख को विद्या बालन स्टारर फिल्म कहानी-2 रिलीज करने की घोषणा पहले ही कर रखी थी। शिंदे की घोषणा से तय है कि शाहरुख को अब विद्या से भी बॉक्स ऑफिस पर टकराना होगा। कहानी एक सफल फिल्म है और माना जा रहा है कि उसका सीक्वल भी उतना ही मजबूत होगा।