नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में तशरीफ़ लाए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ की एक ख़्वाहिश अधूरी रह गई।
दरअसल नवाज़ शरीफ़ अपनी इस भारत यात्रा के दौरान अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायिका लता मंगेशकर से भी मिलना चाह रहे थे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
नवाज़ शरीफ़ ने ख़ुद ये बात अभिनेत्री शबाना आज़मी को बताई।
दिल्ली में एक प्राइवेट पार्टी में शबाना और नवाज़ शरीफ़ की मुलाक़ात हुई जहां दोनों के बीच कला, संस्कृति और फ़िल्मों को लेकर काफी बातें हुईं।
इसी बातचीत के दौरान नवाज़ ने शबाना को बताया कि वो शबाना के पिता कैफ़ी आज़मी और पति जावेद अख़्तर के प्रशंसक हैं। साथ ही उन्होंने लता मंगेशकर और अमिताभ बच्चन से मिलने की इच्छा भी जताई।
अमिताभ और लता दोनों की ही नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित थे लेकिन किन्हीं कारणोंवश वो इस समारोह का हिस्सा नहीं बन पाए।
अगर दोनों आते तो नवाज़ शरीफ़ की उनसे मिलने की तमन्ना भी पूरी हो जाती।
असिन की मां स्मृति
नरेंद्र मोदी कैबिनेट में मानव संसाधन विकास मंत्री बनीं स्मृति ईरानी जल्द ही अभिनेत्री असिन की मां के किरदार में नज़र आएंगीं।
निर्देशक उमेश शुक्ला की फ़िल्म 'ऑल इज़ वेल' में स्मृति, असिन की मां का रोल निभा रही हैं।
फ़िल्म की शूटिंग के दौरान असिन और स्मृति के बीच गहरी दोस्ती हो गई। दोनों साथ में काफी वक़्त बिताती थीं और लंच भी साथ में करती थीं।
हाल ही में लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद असिन के लिए, स्मृति ने लड्डुओं का एक डब्बा भी भिजवाया।