फिल्म 'राब्ता' के ट्रेलर का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। आखिरकार सुशांत और कृति की मच अवेटेड फिल्म 'राब्ता' का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है। फिल्म जगत में ऐसा कहा जाता है कि कोई भी इवेंट बिना किसी विवाद के कभी पूरा नहीं होता। ऐसा ही कुछ 'राब्ता' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान भी देखने को मिला ।
इस इवेंट के दौरान पत्रकारों ने 'राब्ता' की टीम से कुलभूषण यादव के बारे में टिप्पणी करने को कहा। बता दें कि कुलभूषण यादव को जासूसी करने के अपराध में पाकिस्तान ने मौत की सजा सुनाई है।
पत्रकारों के इस सवाल पर कृति ने फिल्म के निर्देशक दिनेश विजन के कान में कहा कि वो उनके इस सवाल पर कोई कमेंट नहीं करना चाहतीं। जिसके बाद दिनेश ने पत्रकारों से कहा कि यह समय ऐसे सवालों को करने का नहीं है।
दिनेश का ऐसा जवाब सुनकर पत्रकार ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ऐसे राष्ट्रीय मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार करना सही बात है। यह सुनते ही सुशांत ने अपना आपा खो दिया।
सुशांत ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी मसले पर अपनी राय नहीं देनी चाहिए, अगर उसे उस विषय के बारे में कुछ नहीं पता है तो ।
आपको बता दें कि फिल्म 'राब्ता' को निर्देशक होमी अदजानिया, भूषण कुमार और दिनेश विजन ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म का म्यूजिक प्रीतम ने दिया है। सुशांत और कृति की जोड़ी को आप 9 जून को सिनेमाघरों में देख सकते हैं।