'चेन्नई एक्सप्रेस' के 200 करोड़ क्लब में शामिल होने के बाद एक नई बहस शुरू हो गई। प्रकाश झा ने यह कहते हुए इस बहस को तेज कर दिया है कि उनकी फिल्म 'सत्याग्रह' एक हजार करोड़ कमाएगी।
प्रकाश झा निर्देशित 'सत्याग्रह' इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। इस फिल्म को अन्ना आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रकाश झा यह बात कई बार कह चुके हैं कि उनकी इस फिल्म का अन्ना और उनके आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है।
इस फिल्म से जुड़े एक प्रमोशनल कार्यक्रम में 'सत्याग्रह' फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही। एक सवाल के जवाब में इस फिल्म के निर्देशक प्रकाश झा ने कहा कि यह अपीलिंग विषय पर बनी हुई फिल्म है। हर आदमी इस फिल्म से अपने को जुड़ा पाएगा।
ऐसे में यदि यह फिल्म एक हजार करोड़ का कारोबार कर ले तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। हालांकि बाद में प्रकाश झा यह कहते हुए नजर आए कि वह 100 करोड़ क्लब जैसी बातों पर विश्वास नहीं करते।
30 अगस्त को रिलीज हो रही इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अर्जुन रामपाल, करीना कपूर, अमृता राव और मनोज बाजपेई ने मुख्य निभाई है। करीना कपूर इस फिल्म में एक पत्रकार बनी हुई नजर आएंगी।