300 से ज्यादा फिल्में करने वाले सतीश कौल ने दिलीप कुमार, देव आनंद, अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे सितारों के साथ फिल्में की हैं। लेकिन वक्त की मार ऐसी कि आज ना तो उनके सिर पर छत है और न ही खाने के पैसे।
एक साल पहले बाथरूम में फिसलने से लगी चोट के चलते सतीश ठीक होने के बावजूद अभी तक अस्पताल में रहने को मजबूर हैं क्योंकि उनके पास अस्पताल के बाहर ठिकाना नहीं है।
बीबीसी से बातचीत में उन्होनें बताया, "मैं पहले एक प्राईवेट अस्पताल में था लेकिन वहां इलाज के लिए पैसे ज्यादा थे इसलिए पटियाला के एक छोटे से अस्पताल में भर्ती हो गया।"
बुरी हालत में छोड़ पत्नी चली गई विदेश
सतीश कहते हैं, "बुरा वक्त मुझ पर भारी रहा, मेरी पत्नी मुझसे कई साल पहले तलाक लेकर मेरे बेटे के साथ दक्षिण अफ्रीका चली गई। हैदराबाद में एक बहन है लेकिन वो खुद इतने तकलीफ में हैं, मेरी क्या मदद कर पाएगी?"
सतीश ने बताया कि उनकी जमापूंजी खर्च हो चुकी है और इस वक्त अस्पताल में उनका इलाज इंसानियत के नाते हो रहा है।
बंद दरवाजा (रामसे ब्रद्रर्स), आग ही आग (धर्मेंद्र), वारंट (देव आनंद) जैसी फिल्मों में काम कर चुके सतीश को बॉलीवुड से किसी का सहारा नहीं मिला।
मदद के नाम पर मिले सिर्फ और सिर्फ वादे
सतीश लगातार किसी हमदर्द की बात जोह रहे हैं। लेकिन पंजाबी गायक हरभजन मान और पटियाला के कुछ लोगों को छोड़कर सतीश से मिलने कोई नहीं आया।
सतीश कहते हैं, "कई लोगों ने मेरी हालत देख कर वादे तो किए, लेकिन निभाया किसी ने नहीं। अब 70 का हो चुका हूं और इसी उम्मीद में जी रहा हूं कि शायद मेरे काम को देख कर कोई मेरी थोड़ी मदद कर दे।"
सतीश पटियाला के ज्ञानसागर अस्पताल में भर्ती हैं।