संजय दत्त को साल 2020 में फेफड़ों में कैंसर हुआ। इस बीमारी को मात दे संजय अब बहुत अच्छा जीवन बिता रहे हैं। मुंबई में हुए एक इवेंट में संजय दत्त ने कैंसर के दौरान डॉक्टर्स से मिले सपोर्ट, परिवार, मानसिक स्थिति और कीमो के दौरान फिल्म की शूटिंग करने जैसी कई बातें बताईं। उन्होंने बताया कि कैसे दूसरे कीमो के बाद कैसे वे फिल्म शमशेरा के क्लाइमैक्स की शूटिंग के लिए गए थे।
परिवार का सपोर्ट जरूरी
मुंबई में हुए एक इवेंट में संजय दत्त ने कहा, कैंसर ने निपटना इतना आसान नहीं है। मुझे डॉक्टर्स ने कहा कि बाल चले जाएंगे लेकिन मैंने कहा नहीं और जो मैंने कहा वैसा हुआ भी। इस बीमारी में परिवार, दोस्तों का सपोर्ट जरूरी होता है। कुछ चीजें हमारी मानसिकता पर भी आधारित होती हैं। हमारा मन अगर मजबूत है तो कोई भी चीज हमें पीछे नहीं ढकेल सकती है।
संजय दत्त
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
दूसरे कीमो की बाद शूटिंग के लिए गए संजय
संजय दत्त ने कहा, 'उन दिनों मैं दूसरा कीमो करवा रहा था, तब मैंने डॉक्टर से कहा कि क्या मैं अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए जा सकता हूं, मुझे करण मल्होत्रा के साथ 'शमशेरा' के क्लाइमैक्स की शूटिंग करनी थी। डॉक्टर्स ने कहा नहीं आप नहीं जा सकते, तो मैंने कहा आप न नहीं कह सकते हैं। फिर कीमो करवाने के बाद मैं फिल्म की शूटिंग पूरी करने गया।
स्टेज 4 कैंसर को दी मात
संजय दत्त ने कहा कि मुझे स्टेज 4 का लंग कैंसर हुआ था, इस बारे में जब मैंने अपने दोस्त परेश को बताया तो वह बोला कि मुझे बता रहे हो, अस्पताल जाओ। संजय दत्त ने कहा कि मैं कोई अच्छा पेशेंट नहीं रहा लेकिन मैं एक बात कहना चाहूंगा कि मुझे सुई से डर लगता है। मेरे लिए डॉक्टर ही मेरे मुन्ना भाई एमबीबीएस रहे।
मां को भी हुआ कैंसर
संजय दत्त ने कहा कि हमारे परिवार में कैंसर के कई मरीज रहे हैं। हम कैंसर सर्वाइवर्स के लिए हमेशा कुछ न कुछ करते रहते हैं। संजय दत्त ने कहा कि मेरी मां को भी कैंसर हुआ था इसलिए हमारी कोशिश रहती है कि हर व्यक्ति को सही इलाज मिल सके।