जेल से रिहा होने के बाद से संजय दत्त अपनी फिल्मों को लेकर काफी सजग हो गए हैं। बाहर आने के बाद उन्होंने केवल 'भूमि' और 'टोरबाज' दो ही फिल्में साइन की थीं और अब जाकर अपनी तीसरी फिल्म 'साहिब, बीवी और गैंगस्टर 3' साइन की है। अब सुनने में आ रहा है कि संजय 'टोरबाज' से पहले 'साहिब, बीवी और गैंगस्टर 3' की शूटिंग पूरी करेंगे।
मिडडे में छपी खबर के मुताबिक संजय ने पहले तिगमांशु धूलिया की फिल्म 'साहिब, बीवी और गैंगस्टर 3' की शूटिंग पहले करने का निर्णय इसलिए लिया क्योंकि वो पहले ऐसी फिल्म करना चाहते हैं जो दर्शकों के बीच फेमस हो। हालांकि फिल्म के प्रोड्यूसर राहुल मित्रा ने इन खबरों का खंडन किया है। राहुल 'टोरबाज' और 'साहिब, बीवी और गैंगस्टर 3' दोनों ही फिल्मों के प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने कहा, ''टोरबाज' बड़े बजट की फिल्म है और उसे शूट करने में ज्यादा वक्त लगेगा। फिल्म की शूटिंग कई फॉरेन लोकेशन्स में होनी है। संजय के पास 'भूमि' के प्रमोशन से पहले वक्त था इसलिए हमने 'टोरबाज' की शूटिंग पहले करने का तय किया है। 'टोरबाज' की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू होगी।'
संजय की 'भूमि' इस साल सितम्बर में 22 तारीख को रिलीज होगी। इस फिल्म में उनके साथ अदिति राव हैदरी भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म को ओमंग कुमार डायरेक्ट कर रहे हैं जो इससे पहले 'मैरी कॉम' और 'सरबजीत' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।