फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी ने मुन्नाभाई सीरीज की अगली फिल्म की पटकथा तैयार कर ली है । पटकथा तैयार होने के बाद यह फिल्म विवादों में भी आ गई । जिसके चलते फिल्म की शूटिंग शुरू होने में देर लग रही है । ऐसे में मुन्नाभाई यानी संजय दत्त और सर्किट यानी अरशद वारसी इस फिल्म के लिए बुक की गई अपनी तारीखों को किसी और फिल्म को देने के लिए तैयार हो गए हैं।
जी हां, संजय दत्त और अरशद वारसी जल्द ही एक फिल्म में साथ दिखाई देने वाले हैं जिसके निर्देशक होंगे फरहाद सामजी। फिल्म पागलपंती के प्रमोशन के दौरान अरशद वारसी ने खुलासा किया कि उनकी और संजय दत्त की इस फिल्म की पटकथा तैयार हो चुकी है। संजू बाबा को ये रोल भी खूब पसंद आया और दोनों इस फिल्म की शूटिंग अगले साल होली के आसपास शुरू करने जा रहे हैं।
बताया गया कि इस फिल्म में संजय दत्त एक दृष्टिहीन अंडरवर्ल्ड डॉन का किरदार करने जा रहे हैं, जिसे दिखाई न देने की बात कोई नहीं जानता। अरशद का किरदार इस डॉन के साथ साए की तरह रहता है और वही डॉन को दुनिया की सारी चीजें इशारों में समझाता है। दिक्कत ये है कि खुद अरशद वारसी किसी को नहीं बता सकता कि डॉन को दिखाई नहीं देता।
अरशद मानते हैं कि ये फिल्म बिल्कुल मुन्नाभाई और सर्किट वाली फिल्म ही है और इसे सुनने के दौरान ही वह पेट पकड़कर बार बार ठहाके लगाते रहे। आमतौर पर सीरियस रहने वाले संजय दत्त ने भी ये कहानी सुनते समय खूब मजे लिए। सूत्र बताते हैं कि फिल्म की कहानी कुछ बड़ी फिल्म कंपनियों को पसंद आई है और जल्द ही फिल्म का आधिकारिक एलान हो जाएगा।