हिंदी सिनेमा में कंगना रनौत की शख्सीयत, उनकी फिल्मों और उनसे जुड़े विवादों को लेकर जो हलचल रही है, वह अब एक फिल्म के जरिए बड़े परदे पर आने वाली है। कन्नड़ भाषा में बन रही फिल्म अंबेसडर में मशहूर अभिनेत्री संदीपा विर्क एक ऐसा किरदार कर रही हैं, जो बहुत कुछ कंगना रनौत की शख्सीयत से मिलता है।
दिल्ली में पली बढ़ीं और मॉडलिंग की दुनिया का बड़ा नाम रही संदीपा विर्क ने फिल्मो में शुरूआत पंजाबी फिल्म गन एंड गोल से की थी। एक मलायालम फिल्म भी कर चुकीं संदीपा की इस नई कन्नड़ फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। और, ट्रेलर रिलीज होते ही संदीपा एकाएक फिर से सुर्खियों में आ गईं हैं। लोग उनके किरदार में कंगना रनौत के शेड्स देख रहे हैं। फिल्म से जुड़े सूत्र बताते हैं कि संदीपा का रोल इस फिल्म में एक मूडी हीरोइन का है जो बहुत घमंडी है और उसका किरदार अच्छे और बुरे के बीच डोलता रहता है।
सोशल मीडिया पर अपनी बिंदास अदाओं के लिए चर्चा में रहने वाली संदीपा से जब इस बारे में बात हुई तो वह कहती हैं, ‘मैं सिर्फ इतनाबता सकती हूं कि अंबेडसर में मेरा किरदार एक अहंकारी सुपरस्टार का है। फिल्म की रिलीज होने से पहले मैं अपने किरदार के बारे में इससे ज्यादा बात नहीं कर सकती।’ यह पूछे जाने पर कि क्या इस फिल्म में अपने किरदार के लिए उन्होंने कंगना रनौत से प्रेरणा ली है या कि उनका किरदार कंगना रनौत की शख्सीयत से मिलता जुलता है, संदीपा कहती हैं, ‘बोल सकते हैं लोग ऐसा क्योंकि इस किरदार के कुछ शेड्स वैसे ही हैं।’