फिल्म 'ग्राउंड जीरो' में इमरान हाशमी ने नरेंद्र नाथ धर दुबे का किरदार निभाया है
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
बॉडी में लगीं सात गोलियां
मिशन की बात करते हुए नरेंद्र नाथ धर दुबे ने बताया, 'उस ऑपरेशन में मेरा दाहिना हाथ बिलकुल सुन्न हो गया था तो गोली कितनी लगीं उस समय तो पता नहीं चला। मैं हॉस्पिटल गया, मेरी सर्जरी हुई और जब अगले दिन एनेस्थीसिया से मेरी नींद खुली तो लेटे-लेटे मैं अपनी बॉडी देख रहा था। डॉक्टर ने बताया की आपक बॉडी को सात बुलेट्स शॉट्स लगे। बॉडी में वो सात गोलियां कहां लगीं उसके बारे में अभी भी पता नहीं चला।'
पेट के अंदर में आज भी हैं गोलियां
गोलियों के बारे में बताते हुए नरेंद्र नाथ धर दुबे ने कहा कि एक गोली पेट में लगी तो वो मिली नहीं। वो क्रॉस होकर बाहर ही नहीं निकली तो पता ही नहीं चला कि वो अंदर कहां खो गई। अभी भी वो खोई हुई ही है। इसके अलावा दाहिने पैर में गोली लगी तो उसने भी हड्डी फ्रैक्चर नहीं किया, तो उसका भी पता नहीं चला। मुझे तो जो टांके लगे थे उससे पता चला की गोली लगी है।
छाती पर भी लगीं तीन गोलियां
नरेंद्र आगे बताते हैं, 'बाईं छाती में करीब जो तीन गोलियां लगी थीं, वो डायरेक्टर जनरल कमेंडेशन की वन बाय की स्टील प्लेट होती है तो उसने वो सभी गोलियों को क्रश कर दिया था। वहां भी सिर्फ टांके ही लगे। वो हमारे घर में अभी भी हमारे पास है। मेरी किस्मत अच्छी थी।
इंजरी की पूरा डिटेल हमें अगले दिन हॉस्पिटल में पता चली क्योंकि जब आप हॉट एनकाउंटर सिचुएशन में होते हैं तो आप उस समय जो महसूस करते हैं तो आपको कुछ पता नहीं चलता। मुझे मेरे घायल होने का पूरा डेटा डॉक्टर से पता चला।'
कैसा रहा मिशन से पहले का माहौल
नरेंद्र नाथ धर दुबे ने आगे कहा कि मेरा हॉस्पिटलाइजेशन बहुत लंबा रहा। मैं 19 दिसंबर 2007 को एम्स से डिस्चार्ज हुआ। बीच-बीच में मैं कुछ समय के लिए भी डिस्चार्ज होता था। एक ही कैलेंडर ईयर में मेरी तीन सर्जरी हुई। ये एनकाउंटर मौत से हाथ मिलाने वाला था। आप जा रहे हैं और आपको पता है कि गाजी बाबा का हेड आउट है और वो 17 महीने से कश्मीर घाटी में भाग रहा है। संसद में हमला करने का इतना बड़ा क्राइम उसके सिर पर है और पक्की खबर है कि वो वहां है और उसका डिप्टी चीफ अपने कब्जे में है तो पता है ही कि ये होगा, क्योंकि कुछ तो कीमत तो चुकानी पड़ेगी और ऐसा हुआ भी। इस पूरे मिशन में हमारे एक साथी बलवीर सिंह की शहादत हो गई, उसको हम बचा नहीं पाए, इसका हमें बहुत दुख है।
डीजीपी ने आईसीयू में दी बधाई
मिशन के बाद की जिंदगी के बारे में बात करते हुए नरेंद्र नाथ धर दुबे ने कहा कि बाद में आईसीयू में डीजीपी ने मुझे बधाई दी। जब मैं होश में आया तो डायरेक्टर जनरल बीएसएफ, कमांडर, मेरी पत्नी और अन्य लोग मुझे गेट पर दिखे और तब मुझे डीजीपी ने कहा कि हमने डॉक्टर से बात की और आप गंभीर तरीके से घायल हैं, लेकिन जिंदगी बच जाएगी, बात कर ली है मैंने।
फिर उन्होंने मुझे बधाई थी, तब मुझे समझ नहीं आया कि किस बात की बधाई है तो उन्होंने कहा कि गाजी बाबा अब इतिहास बन चुका है। जब मैंने बाकी साथियों की खबर सुनी तो तब तकलीफ थोड़ी कम हुई।