आपकी सबसे फेवरेट डिश?
गोलगप्पे, कहीं के भी मिल जाए, जैसे मुंबई में पानी पूरी बोलते हैं। दिल्ली और लखनऊ में गोलगप्पे बोलते हैं।
देश में और विदेश में घूमने के लिए सबसे फेवरेट जगह?
मैं ऐसे तो कोई एक जगह नहीं बोल सकता, लेकिन मुझे पहाड़ सबसे ज्यादा अच्छे लगते हैं। पहाड़ों में मुझे मुक्तेश्वर बहुत प्यारी जगह लगी। मैं फिल्म की शूटिंग के दौरान गया था। वो दिन भी काफी प्यारा था, जिस होटल में हम रुके थे, उसकी बालकनी के नीच बादल थे और सामने काली घटा थी, मतलब मंत्रमुग्ध वाला मामला था।
फेवरेट इंडियन और विदेशी एक्टर और एक्ट्रेस?
अभी नए में बोलूं तो फेवरेट इरफान भाई (दिंवगत इरफान खान), लेकिन बाकी एक्टर तो मैं बना हूं बच्चन साहब (अमिताभ बच्चन) की वजह से, क्योंकि हमारी जनरेशन के जो भी एक्टर बने होंगे, वो सब अमिताभ बच्चन की वजह से बने होंगे। वहीं, हॉलीवुड में तो बहुत सारे एक्टर अच्छे लगते हैं, लेकिन किसी एक कि बात करूं तो डेंजल हेज वॉशिंगटन बहुत अच्छे लगते हैं। एक्ट्रेस में यहां आलिया भट्ट और सान्या मल्होत्रा अच्छी लगती हैं और विदेश में तो बहुत सारी हैं।
ऐसी एक्ट्रेस, जिनके साथ आपको लगता है कि काम करने का मौका मिले तो मजा आए?
ये आप किसी एक्ट्रेस से पूछिएगा। वैसे मुझे रेखा जी के साथ काम करने का मौका मिलेगा तो बहुत अच्छा लगेगा। मुझे लगता है वो मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा होगा। हमउम्र वाली अभिनेत्रियों में तब्बू जी हैं। हालांकि, थोड़ी बड़ी होंगी, लेकिन उनके साथ भी काम करना चाहेंगे।
फिल्में नहीं कर रहे होते हैं तो क्या करते हैं?
आराम, खाना-पीना, कुछ भी पढ़ने को मिला जाए, अखबार-किताब या कोई छोटा आर्टिकल हो या तरह-तरह का म्यूजिक सुनना बहुत आसान है। तो बस आराम करते हैं। एक दम रिलैक्स। काम नहीं मतलब, कोई काम नहीं।
अगर टाइम मशीन मिल जाए तो अपनी जिंदगी के बारे में क्या देखना या चेंज करना चाहेंगे?
अपनी जिंदगी में तो मैं कुछ चेंज नहीं करना चाहूंगा। बहुत अच्छी जा रही है। वो चीज चेंज करूंगा, जिससे इस दुनिया का भला हो जाए। मैं इसका साइंटिफिक जवाब दूंगा। मुझे ऐसा लगता है कि जिस-जिस इंसान को ये लगता है कि उनसे अगर हिस्ट्री में जाकर कुछ चेंज करने की कोशिश की तो अभी कुछ अच्छा हो जाएगा, बल्कि उससे ज्यादा उल्टा और खराब हो जाएगा, क्योंकि जो ये सृष्टि चला रहा है न, वो नासमझ नहीं है, कुछ सोच समझ कर सृष्टि चलाई जा रही है।