सलमान खान के भीतर का चित्रकार लगातार बड़ा होता जा रहा है। उनकी रचनात्मक ऊर्जा ने अब एक और करिश्मा किया है, जो शायद इससे पहले किसी और बॉलीवुड कलाकार ने नहीं किया होगा।
खबर है कि अपनी आने वाली फिल्म ‘जय हो’ का पोस्टर खुद सलमान ने डिजाइन किया है! यह सबको पता है कि पेंटिंग सलमान का शौक है, लेकिन बीते कुछ समय में उन्होंने इसे बहुत गंभीरता से लिया है और पेंटर के रूप में स्थापित हुए हैं। फिल्म इंडस्ट्री में वह कई लोगों को अपनी पेंटिंग्स गिफ्ट भी कर चुके हैं।
बताया जा रहा है कि इस बार सलमान के दिमाग में आइडिया आया कि क्यों न फिल्म का पोस्टर खुद डिजाइन किया जाए। उल्लेखनीय है कि सलमान की यह फिल्म अगले साल 26 जनवरी को रिलीज होनी है और इसकी कोई झलक अभी तक सामने नहीं आई है।
इसे लेकर तरह-तरह के कयास फिल्म इंडस्ट्री में लग रहे हैं। सलमान के नजदीकियों के अनुसार इस देरी पर विचार के दौरान सलमान को खयाल आया कि अपने फैन्स को कुछ अलग ढंग से चौंकाया जाए।
वे हर किसी को तो अपनी पेंटिंग गिफ्ट कर नहीं सकते, इसलिए उन्होंने फिल्म का पोस्टर डिजाइन करने का सोचा। जिससे उनकी कला को देश के हर शहर में दीवारों पर चिपकाया जा सके।
एक विशेष बात यह है कि इस पोस्टर पर फिल्म का नाम जिस ढंग से लिखा जाएगा, वह सलमान खान की लिखावट की तरह ही होगा। वाकई क्रिएटिविटी के लिए आकाश का कैनवास भी छोटा पड़ता है!!