सलमान खान की आने वाली फिल्म 'ट्यूबलाइट' में एक नया चेहरा दिखाई देने वाली है और वो है चीन की हीरोइन जू जू का। फिल्म के डायरेक्टर कबीर खान ने कुछ समय पहले कॉनफ्रेंस के जरिये बताया था कि जू जू भारत आकर फिल्म का प्रमोशन करेंगी। तभी से फैंस उनका काफी इंतजार कर रहे थे लेकिन फिल्म की रिलीज को अब महज कुछ दिन ही बचे हैं और दर्शक जू जू को भारत में प्रमोशन करते देखने के लिए काफी बेचैन हैं।
ऐसे में हाल ही में कबीर खान ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया है कि जू जू फिलहाल चीन में कुछ फिल्मों की शूटिंग में बिजी हैं इसी वजह से वो भारत आकर फिल्म का प्रमोशन नहीं कर पाएंगी। ट्यूबलाइट की पूरी टीम सोमवार को मुंबई में एक ईवेंट में थी जिसमें फिल्म के लिटिल स्टार मतिन को मीडिया से रू-ब-रू करवाया गया। इस मौके पर सलमान ने मतिन से कहा "कबीर अंकल से पूछो, अब तक हमको प्रमोशन में इस्तेमाल क्यों नहीं किया।"
इस पर कबीर ने जवाब दिया कि बेस्ट को हमेशा लास्ट में रखते हैं लेकिन मतिन ने कबीर की इस बात को एक मजेदार उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे कि जब आप चिप्स खाते हो तो पहले छोटा-छोटा खाते हो और बाद में बड़ा वाला खाते हो। वैसे ही आप फिल्म में बेस्ट को बाद में दिखाते हो है न..."