जहां सलमान खान की फिल्म 'ट्यूबलाइट' को क्रिटिक्स खास पसंद नहीं कर रहे हैं वहीं 'भाईजान' के लिए अच्छी खबर आई है। पिछले साल ईद पर रिलीज हुई उनकी फिल्म 'सुल्तान' ने बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ कमाई करी थी और अब ये एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार है। दरअसल, इस साल के अंत तक ये फिल्म चाइना में रिलीज की जाएगी।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'इस साल के अंत में चीन में 'सुल्तान' रिलीज होगी। इसी बीच फिल्म ने शंघाई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट एक्शन मूवी का खिताब अपने नाम किया है।' ये अवॉर्ड जीतने वाली 'सुल्तान' पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।
हर साल चीन में 34 विदेशी फिल्में रिलीज की जाती हैं जिनमें से चार भारतीय होती हैं। आमिर खान की 'दंगल' तो पहले ही चीन में रिकॉर्ड तोड़ चुकी है वहीं अब 'बाहुबली 2' और 'ट्यूबलाइट' भी रिलीज को तैयार है। इसी के साथ 'सुल्तान' चीन में रिलीज होने वाली चौथी फिल्म होगी।
'दंगल' ने चीन में 1200 करोड़ की कमाई कर ली है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा की क्या 'सुल्तान' वहां इस फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं।