2012 की हिट सन ऑफ सरदार उन फिल्मों शामिल है जिनका सीक्वल बनने की चर्चा लंबे समय से है। पिछले साल मई में अजय देवगन ने इस सीक्वल की घोषणा ट्विटर पर करते हुए कहा था कि दीवाली 2017 में यह फिल्म लेकर आएंगे। अब खबर है कि अजय ने फिल्म की योजना पर काम करना शुरू कर दिया है, मगर कहानी में ट्विस्ट यह है कि खुद अजय सीक्वल में ऐक्टिंग करने के इच्छुक नहीं हैं। बल्कि वह फिल्म का निर्देशन करना चाहते हैं। उन्होंने सलमान खान को यह फिल्म ऑफर की है।
सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों अजय ने सलमान ने मुलाकात करके पूछा कि क्या वह पर्दे पर सरदार बनना चाहेंगे। वह सन ऑफ सरदार का सीक्वल बनाने जा रहे हैं। बताया जाता है कि सलमान को आइडिया अच्छा लगा और उन्होंने सहमति जता दी। अजय ने सलमान को यह भी बता दिया है कि वह सीक्वल का निर्देशन करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि सलमान के साथ कहीं न कहीं अजय भी कहानी में खुद को फिट करेंगे और भले ही मेहमान कलाकार के रूप में, वह पर्दे पर दिखेंगे जरूर।
सूत्रों का कहना है कि यदि सलमान सन ऑफ सरदार-2 में काम करते हैं तो यह बड़ी बात होगी क्योंकि मूल फिल्म हिट थी और सलमान के आने से सीक्वल का आकर्षण दोगुना हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि सन ऑफ सरदार तेलुगु कॉमेडी थ्रिलर मर्यादा रामन्ना का रीमेक थी, जिसका निर्देशन बाहुबली से हिंदी दर्शकों में पहचान पाने वाले एसएस राजमौली ने किया था। अश्विनी धीर के निर्देशन में बनी सन ऑफ सरदार में सोनाक्षी सिन्हा लीड रोल में थीं। पार्ट-2 में उनकी भूमिका होगी या नहीं, यह समय आने पर ही पता चलेगा।