सलमान खान की फिल्म जय हो 24 जनवरी को प्रदर्शित होने जा रही है। सोहैल खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म से बिग बॉस फेम सना खान और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री डेजी शाह बॉलीवुड में अपनी पारी शुरू करने जा रही हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने कैरियर को सफल बना पाती हैं या सलमान की पूर्व नायिकाओं की तरह कुछ फिल्मों में काम करने के बाद नाकामी के अंधेरे में खो जाती हैं।
भाग्यश्री
सलमान ने 1989 में प्रदर्शित फिल्म मैंने प्यार किया से बतौर मुख्य अभिनेता अपने कैरियर की शुरुआत की। इसी फिल्म से अभिनेत्री भाग्यश्री ने भी अपने सिने कैरियर की शुरूआत की। युवा प्रेमकथा पर आधारित यह फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई।
फिल्म की सफलता के बाद सलमान खान जवां दिलों की धड़कन बन गए, लेकिन भाग्यश्री को कुछ खास फायदा नहीं हुआ। बाद में उन्होंने कैद में है बुलबुल, त्यागी, पायल, घर आया मेरा परदेसी और जय मां संतोषी जैसी फिल्मों में काम किया लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म टिकट खिड़की पर सफल नहीं हुई।
चांदनी
1991 में प्रदर्शित फिल्म सनम बेवफा से अभिनेत्री चांदनी ने अपने सिने की शुरूआत की। यह फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई थी लेकिन इसका फायदा चांदनी को नहीं मिला।
बाद में उन्होंने जयकिशन, इक्के पे इक्का, मिस्टर बांड जैसी दोयम दर्जे की फिल्मों में काम किया लेकिन इनसे उनका कैरियर अधिक नही बढ़ सका।
स्नेहा उल्लाल
2005 में अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल ने फिल्म लकी नो टाइम फार लव से बॉलीवुड में कदम रखा। ऐश्वर्य राय से मिलती-जुलती शक्ल के रूप में प्रचारित होने के कारण उन्हें दर्शकों का व्यापक समर्थन मिला और फिल्म टिकट खिड़की पर सफल साबित हुई, लेकिन इसके बाद स्नेहा को फिल्मों में काम करने का अवसर नहीं मिला।
जरीन खान
2009 में प्रदर्शित फिल्म वीर से अभिनेत्री जरीन खान ने सलमान के साथ अपने सिने कैरियर की शुरूआत की, लेकिन फिल्म को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
इसके बाद वह सलमान की ही एक अन्य फिल्म रेडी में मेहमान भूमिका में नजर आईं। फिलहाल जरीन फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।
नगमा
1990 में प्रदर्शित फिल्म बागी के जरिए नगमा ने सलमान खान के साथ अपने सिने कैरियर की शुरूआत की। बाद में नगमा ने पुलिस और मुजरिम, बेवफा से वफा, यलगार, सुहाग, हस्ती, किंग अंकल जैसी कई बडे़ बजट की फिल्मों में काम करने का अवसर मिला लेकिन वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान नही बना सकीं।
शीबा
1992 में प्रदर्शित फिल्म सूर्यवंशी से शीबा ने हिंदी फिल्मों में अपना कैरियर शुरू किया था। हालांकि इससे पहले उन्होंने एक-दो फिल्मों में अभिनय किया था लेकिन मुख्य अभिनेत्री के रूप में सूर्यवंशी उनकी पहली फिल्म थी।
फिल्म के टिकट खिड़की पर बुरी तरह असफल होने के बाद शीबा को फिल्मों में काम करने का अधिक अवसर नही मिला।
भूमिका चावला
2003 में प्रदर्शित फिल्म तेरे नाम से भूमिका चावला ने अपने सिने कैरियर शुरू किया। यह फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई, लेकिन सफलता का श्रेय सलमान को अधिक दिया गया।
इसके बाद भूमिका ने रण और फैमिली जैसी फिल्मों में भी काम किया लेकिन दुर्भाग्य से दोनो फिल्में टिकट खिड़की पर असफल साबित हुईं।
रेवती
1991 में रेवती ने भी सलमान खान के साथ फिल्म लव से हिंदी फिल्मों में अपने सिने कैरियर की शुरूआत की थी। लव के बाद रेवती ने फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाने के लिए रात और मुस्कुराहट जैसी कुछ फिल्मों में काम किया लेकिन सफल नहीं रहीं।
बाद में रेवती ने हिंदी फिल्मों को छोड़कर दक्षिण की फिल्मों में दोबारा काम करना शुरू कर दिया। मौजूदा दौर में रेवती निर्देशक के रूप में हिंदी फिल्मों में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं।