सलमान खान, ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं
- फोटो : सोशल मीडिया
बुधवार को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने दो नए कलाकारों- सुभान नाडियाडवाला और आइराह बोस रॉय- के लिए एक खास संदेश दिया। इन दोनों ने अपनी रोमांटिक फिल्म 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' का फर्स्ट लुक जारी किया है। सलमान ने फिल्मों में कदम रखने के लिए इस नई जोड़ी को बधाई दी। इसके साथ ही उन्हें जीवन के लिए एक अहम सलाह भी दी।
सलमान ने किसे बधाई दी?
सलमान के इस पोस्ट के पीछे एक और खास वजह भी थी। 18 नवंबर को उनके माता-पिता, अर्पिता खान-आयुष शर्मा, साजिद नाडियाडवाला-वर्दा खान नाडियाडवाला की शादी की सालगिरह थी। इन सभी मौकों को एक साथ जोड़ते हुए, उन्होंने फिल्म का फर्स्ट लुक टीजर शेयर किया और सभी जोड़ों को बधाई दी।
आइराह
- फोटो : सोशल मीडिया
सलमान ने सुभान को क्या सलाह दी?
सलमान खान ने कैप्शन में लिखा, 'मम्मी, पापा, अर्पिता, आयुष, साजिद और वर्दा- आप सभी को बधाई! आप लोगों ने इतने साल प्यार, स्नेह और कभी-कभी होने वाली नोक-झोंक के साथ एक-दूसरे के साथ बिताए हैं। आप सभी को शादी की सालगिरह मुबारक! सुभान, 'ऐसी दीवानगी' के फर्स्ट लुक के लिए तुम्हें भी बधाई। भविष्य के लिए मेरी यही सलाह है कि वर्तमान में जियो। न तो बहुत ज्यादा हवा में उड़ो और न ही निराश हो।'
कौन हैं सुभान और आइराह?
सुभान, निर्माता साजिद नाडियाडवाला और वर्दा खान नाडियाडवाला के बड़े बेटे हैं। वह हिंदी सिनेमा के एक जाने-माने फिल्मी परिवार से आते हैं। उनके पिता ने 'नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट' बैनर के तहत कई लोकप्रिय फिल्मों को प्रोड्यूस किया है। वहीं, सलमान के इस परिवार के साथ काफी करीबी रिश्ते हैं।
आइराह भी मनोरंजन जगत के एक जाने-माने परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह मानसी जोशी रॉय और रोहित बोस रॉय की बेटी हैं। अभिनेता रोनित रॉय उनके चाचा हैं। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, अब वह इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं।
सुभान
- फोटो : सोशल मीडिया
कब रिलीज होगी 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं'?
सुभान और आइराह 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' में ये दोनों मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 9 जुलाई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फर्स्ट लुक टीजर में उनकी रोमांटिक जोड़ी की झलक मिलती है, हालांकि फिल्म की कहानी के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।