फैंस ने दी बधाई तो कुछ यूजर्स ने किया ट्रोल
सलमान खान ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट शेयर किया है। इसमें उनका चेहरा खून से लथपथ नजर आ रहा है। देशभक्ति का जुनून देखा जा सकता है। पहली झलक ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। सलमान खान के पोस्ट पर बधाईयों की झड़ी लग गई है। मगर, कुछ नेटिजन्स नाराजगी जता रहे हैं।
सच्ची घटना पर आधारित है फिल्म
सलमान खान की यह फिल्म सच्ची घटना पर बनी है। फिल्म 'गलवां' साल 2020 में भारत-चीन के बीच गलवां घाटी में हुई जंग पर आधारित है। इस लड़ाई में भारतीय सेना ने बिना गोलियों का इस्तेमाल किए कई चीनी सैनिकों को मौत के घाट उतारा था। भारतीय सेना पर फिल्म बनाने के लिए नेटिजन्स सलमान खान को ट्रोल कर रहे हैं। यूजर्स लिख रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर के वक्त तो चुप्पी साधे रखी और अब भारतीय सेना पर फिल्म बना रहे हैं।
शेयर किया कथित डिलीट पोस्ट का स्क्रीनशॉट
कुछ नेटिजन्स सलमान खान के उस कथित ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं, जो उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के बाद शेयर किया था और बाद में डिलीट कर दिया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर पर सलमान खान की तरफ से कोई सोशल मीडिया पोस्ट न किए जाने पर नेटिजन्स नाराजगी जता रहे हैं और पूछ रहे हैं, 'किस मुंह से भारतीय सेना पर फिल्म बना लेते हो'?
यूजर्स बोले- 'पैसा कमाना कितना आसान'
कुछ यूजर्स लिख रहे हैं, 'पैसा कमाने के लिए आर्मी याद आ जाती है, ऑपरेशन सिंदूर के वक्त कहां दुबक गए थे?' एक यूजर ने लिखा, 'भारत के वीर जवानों के पराक्रम को पर्दे पर दिखाकर पैसा कमाने से पीछे नहीं रहते, लेकिन जब भारत के लिए दो शब्द बोलने की बात हो तो चुप्पी साध लेते हैं'।