रेप संबंधी टिप्पणी पर उठे विवाद के बाद सलमान खान सावधान हो गए हैं। मीडिया उनकी बातें तोड़-मरोड़ कर न पेश करे इसलिए उन्होंने अपने ताजा इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग बनवाई।
सलमान की मीडिया से नाराजगी कोई नई बात नहीं है। वे सिर्फ तभी खुश होते है जब आप उनकी हास्यास्पद बातों पर उन्हीं की तरह हंसें। किसी ऐसी बात पर सवाल न करें जो उन्हें नापसंद हो। बीते शुक्रवार को वह फिल्म सुल्तान की कामयाबी के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए और उनका अंदाज साफ कह रहा था कि आप लोग मेरे बारे में चाहे जो कहें, चाहे जो लिखें उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मगर इस बार खास बात यह थी कि सलमान ने अपने इंटरव्यू को रिकॉर्ड करवाया! जो कि पहले नहीं होता था।
सवाल हो रहे हैं कि क्या सलमान ने ऐसा किसी विवाद से बचने के लिए किया है? सुल्तान की रिलीज से पहले ‘रेप संबंधी टिप्पणी’ पर पैदा हुए विवाद के बाद सलमान मीडिया से नाराज हैं क्योंकि उनका मानना है कि वह बात कहते ही उन्हें गलती का एहसास हो गया था और इस बात का मीडिया ने अपनी खबरों में जिक्र नहीं किया। इस तरह से आधी-अधूरी रिपोर्टिंग हुई और सलमान बेवजह बदनाम हो गए। सलमान करिअर के इस मोड़ पर अपनी बीईंग ह्यूमन छवि के साथ कोई खिलवाड़ नहीं चाहते हैं।
अपनी कमाई के लिए सलमान के निशाना बनाता है मीडिया!
असल में सलमान को लगता है कि ऐसे विवाद उन्हें तो मुश्किल में डालते हैं मगर फिल्म मीडिया अपनी रोजी-रोटी के लिए उन्हें आसान शिकार बनाता है। वैसे सलमान अकेले सितारे नहीं हैं, जो ऐसा सोचते हैं। कई मौकों पर फिल्मी सितारे रिपोर्टरों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से यह कहते हैं कि हमारे विवादों की वजह से आपकी दाल-रोटी चलती है।
सलमान ने भी शुक्रवार की बातचीत में जब रेप संबंधि टिप्पणी का जिक्र आया तो सीधे सवाल दागा कि क्या फिर से मुझे ऐसा कुछ कहना चाहिए कि अगले दो हफ्ते तक आप उस पर जिंदा रह सकें! सूत्रों की मानें तो सुल्तान की कामयाबी के बाद भी सलमान मीडिया से मिलने के इच्छुक नहीं थे।
निर्माताओं की टीम ने उन्हें काफी मनाया तो सलमान इस शर्त पर माने कि वह मुंबई में बातचीत नहीं करेंगे बल्कि मीडिया को उनसे मिलने करीब 35 किलोमीटर दूर पनवेल आना पड़ेगा, जहां उनका फार्महाउस है। तब आधी रात को मीडिया के लोगों को अगली दोपहर को सलमान के इंटरव्यू करने के संदेश भेजे गए।
अनुष्का को भी इंटरव्यू में रखा साथ
उधर सलमान ने निर्माता से यह भी कहा कि वह मीडिया से अकेले बातचीत करने के बजाय अनुष्का शर्मा और डायरेक्टर अली अब्बास जफर के साथ मिलकर कर बात करेंगे। सलमान ने मीडिया में किसी को अलग से बातचीत का समय देने से इंकार करते हुए कहा कि वह सभी को साथ बैठा कर एक ही बार में बात करेंगे।
सलमान ने पूरे इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराने को कहा, जिससे बाद में कोई उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर न पेश कर दे। सलमान जब अपनी बातों को लेकर इतने सतर्क हो गए तो हर तरफ यह सवाल होने लगा है कि क्या भविष्य में वह जब भी मीडिया से बात करेंगे तो क्या उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कराएंगे। यह सिर्फ आने वाला वक्त बताएगा।