सजनी शिंदे का वायरल वीडियो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म 'सजनी शिंदे का वायरल वीडियो' की कहानी हाई स्कूल टीचर सजनी शिंदे की है। सिंगापुर में अपनी ही जन्मदिन पार्टी पर वह खुशियां मना रही होती है और उसकी सहेली उसका वीडियो बना लेती है। वीडियो वायरल होता है तो शुरू हो जाता है उसके चरित्र का सत्यापन करने की एक अंधी होड़। बात स्कूल प्रबंधन तक पहुंचती है। अभिभावक गुस्से में हैं। प्रधानाध्यापक महिला है लेकिन उसे एक सहकर्मी महिला की भावनाओं की बजाय स्कूल की प्रतिष्ठा का ख्याल रखना है। मामला यहां तक बिगड़ता है कि एक दिन सजनी शिंदे लापता हो जाती है। छोड़ जाती है तो बस एक सुसाइड नोट। इसमें वह अपने पिता और बॉयफ्रेंड पर आरोप लगाती है। यहां कहानी में एंट्री होती है इंस्पेक्टर बेला बारोड़ की और असल फिल्म यहीं से शुरू होती है।
सजनी शिंदे का वायरल वीडियो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म 'सजनी शिंदे का वायरल वीडियो' के निर्देशक मिखिल मुसले ने अपने करियर की शुरुआत गुजराती फिल्म 'रॉन्ग साइड राजू' से की जिसे 64वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ गुजराती फीचर फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। हिंदी में मिखिल मुसले ने फिल्म 'मेड इन चाइना' से डेब्यू किया। मिखिल की इस नई फिल्म की कहानी वैसे तो सामान्य है, लेकिन फिल्म की लेखन टीम मुसले, परिंदा जोशी, अनु सिंह चौधरी और क्षितिज पटवर्धन ने मिलकर इसका सांचा मजबूत तैयार किया है और फिल्म के संवाद भी अच्छे हैं। फिल्म के माध्यम से एक संदेश देने की कोशिश की गई है कि आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है, जिंदगी बहुत ही खूबसूरत है। गलतियां इंसान से ही होती है, इसका मतलब यह नहीं कि समाज के तानों के डर से अपनी खूबसूरत जिंदगी को खत्म कर दिया जाए। निर्देशक मिखिल मुसले ने शुरू से लेकर अंत तक थ्रिल और सस्पेंस बरकरार रखा और जब सजनी शिंदे की आत्महत्या की गुत्थी सुलझती है तो सभी हैरान हो जाते है।
सजनी शिंदे का वायरल वीडियो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
वैसे देखा जाए तो इस फिल्म की जान राधिका मदान नहीं, बल्कि निमरत कौर हैं। निमरत कौर के किरदार इंस्पेक्टर बेला बरोड़ में सेंस ऑफ ह्यूमर जबरदस्त दिखा है। निमरत कौर के करियर के अब तक की यह बेहतरीन परफॉरमेंस है। सजनी शिंदे के मंगेतर की भूमिका में सोहम मजूमदार दिखने में तो बहुत ही साधारण से हैं, लेकिन फिल्म में बहुत ही कमाल का काम किया है। शुरुआत में उनका किरदार बहुत लविंग दिखाया गया है, लेकिन जैसे सजनी शिंदे के गायब होने की तहकीकात आगे बढ़ती हैं, उनके किरदार में कई शेड्स नजर आते हैं। दिल्ली की रहने वाली राधिका मदान ने मराठी लड़की की भूमिका निभाने में मेहनत की है। उन्होंने मराठी लहजे में बात करने की कोशिश तो की है लेकिन कहीं न कहीं उनका दिल्ली वाली लड़की का पंजाबी टोन आ ही जाता है। सजनी शिंदे के पिता सूर्यकांत शिंदे की भूमिका में सुबोध भावे, इंस्पेक्टर राम पवार की भूमिका में चिन्मय मंडलेकर की जबरदस्त अदाकारी देखने को मिलती है। प्रिंसिपल कल्याणी की भूमिका में भाग्यश्री का फिल्म में एक अलग तरह का अवतार देखने को मिला है।
सजनी शिंदे का वायरल वीडियो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म तकनीकी तौर पर भी अच्छी बन पड़ी है। त्रिभुवन बाबू सादिनेनी की सिनेमाटोग्राफी, सुमित कोटियन का संपादन और हितेन सोनिक का बैकग्राउंड स्कोर थ्रिल को बढ़ाता है और शुरू से अंतिम तक दर्शकों का रोमांच बन रहता। फिल्म के म्यूजिक पर सचिन-जिगर को थोड़ी सी और मेहनत करने की जरूरत थी। अगर फिल्म को सही तरीके से प्रमोट किया गया होता, तो निश्चित रूप से यह फिल्म अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंच सकती थी।